Motorcycle स्टार्ट करते ही तुरंत गियर डालने से क्यों घिस जाता है इंजन? आज ही जान लें मेंटेनेंस का सही तरीका
भारत में बड़ी संख्या में लोग मोटरसाइकिल का उपयोग करते हैं। अधिकतर लोग मोटरसाइकिल स्टार्ट करते ही गियर लगाते हैं और सफर शुरू करते हैं। पहली बार स्टार्ट करने के बाद तुरंत गियर लगाने से किस तरह का नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारत में रोजाना लाखों लोग मोटरसाइकिल का उपयोग एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए करते हैं। इनमें से अधिकतर लोग सुबह जब मोटरसाइकिल को स्टार्ट करते हैं तो तुरंत गियर लगाकर सफर को शुरू कर देते हैं। इस तरह से मोटरसाइकिल चलाने के कारण लंबे समय में इंजन को बड़ा नुकसान होता है। किस तरह से इस नुकसान से बचा जा सकता है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
करते हैं लापरवाही
सुबह के समय जब पहली बार मोटरसाइकिल को स्टार्ट किया जाता है तो अधिकतर लोग तुरंत गियर लगाते हैं और सफर को शुरू कर देते हैं। इस तरह की लापरवाही के कारण इंजन को बड़ा नुकसान हो जाता है।
क्यों होता है नुकसान
तुंरत गियर लगाकर मोटरसाइकिल चलाने से इंजन के सभी पार्ट्स तक इंजन ऑयल समय पर नहीं पहुंच पाता है। जिस कारण उनमें घर्षण बढ़ जाता है और इस कारण इंजन के जरूरी पार्ट्स कम समय में ही तेजी से घिसने लगते हैं।
करें एक मिनट इंतजार
इससे बचने के लिए और इंजन की उम्र को बढ़ाने के लिए कम से कम एक मिनट का इंतजार करना चाहिए। एक मिनट में इंजन के सभी पार्ट्स तक इंजन ऑयल पहुंच जाता है। जिसके बाद मोटरसाइकिल को चलाया जाता है तो पार्ट्स एक दूसरे से ज्यादा टकराते नहीं है क्योंकि इंजन ऑयल उनको जरूरी चिकनाई पहुंचाता है। जिससे इंजन की उम्र को आसानी से बढ़ाने में मदद मिलती है।
हर बार जरूरी नहीं
अगर आप दिन में कई बार मोटरसाइकिल को स्टार्ट करते हैं तो यह जरूरी नहीं कि हर बार एक मिनट का इंतजार किया जाए। लेकिन सुबह जब पहली बार मोटरसाइकिल को स्टार्ट किया जाता है तब इस प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होता है। इसके साथ ही एक मिनट का इंतजार तब भी किया जा सकता है जब मोटरसाइकिल को पांच-छह घंटे या उससे ज्यादा समय के अंतराल पर स्टार्ट किया जाए।
