Kia Carnes Claivs Review: कैसी है कैरेंस क्लाविस डीजल, कितनी मिलेगी माइलेज, क्या खरीदने में होगा फायदा?
Kia Carens Clavis Review: वाहन निर्माता किआ की ओर से एमपीवी के तौर पर कैरेंस क्लाविस की बिक्री की जाती है। इस गाड़ी को हमने करीब दो हजार किलोमीटर तक ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। वाहन निर्माता किआ की ओर से बजट एमपीवी सेगमेंट में Kia Carens Clavis को बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाता है। निर्माता की इस गाड़ी के डीजल मैनुअल वेरिएंट को हमने करीब दो हजार किलोमीटर चलाया। इस दौरान हमने इसे कई मायनों में परखा। क्या यह सच में एक परिवार के लिए बेहतरीन एमपीवी है। क्या इसे खरीदने में फायदा होगा? हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।

कैसी है Kia Carens Clavis Diesel
किआ की ओर से एमपीवी के तौर पर कैरेंस क्लाविस डीजल को ऑफर किया जाता है। हमने भी इसके HTX U1.5 MT वेरिएंट को परखने की कोशिश की, जिससे यह समझ सकें कि आखिर क्यों यह एमपीवी अपने सेगमेंट की सबसे बेहतरीन एमपीवी में से एक है। हमने इसे करीब एक हफ्ता शहर, हाइवे, एक्सप्रेस वे के साथ ही पहाड़ी इलाके में भी दिन और रात के समय चलाया।

कैसा है डिजाइन
किआ की ओर से बाजार में पहले से ही कैरेंस को ऑफर किया जाता है। लेकिन इसके बेहतर संस्करण के तौर पर निर्माता ने कैरेंस क्लाविस को 2022 में ही लॉन्च किया था। देखने में तो यह काफी आकर्षक लगती है जिसमें सीधा बोनट, बंद फ्रंट ग्रिल, एंगुलर थ्री पॉड एलईडी हेडलाइट, टाइगर नोज फ्रंट के साथ कनेक्टिड एलईडी लाइट, कनेक्टिड एलईडी टेल लाइट के साथ 10 एमएम की बढ़ी हुई लंबाई के साथ यह गाड़ी और बेहतर लगती है।

कैसे हैं फीचर्स
किआ की ओर से इस गाड़ी को छह और सात सीटों के विकल्प में ऑफर किया जाता है। जिसमें सेकेंड रो में कैप्टन सीट और बेंच सीट का विकल्प मिलता है। हमको इसकी सात सीटों वाले विकल्प को चलाने का मौका मिला। जिसमें फ्रंट में 12.3 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.3 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलैस चार्जर, सिंगल सनरूफ, रियर एसी वेंट, तीसरी रो में भी चार्जिंग पोर्ट और एसी वेंट्स को दिया गया है। इस वेरिएंट में हमें फ्रंट में वेंटिलेटिड सीट फीचर की कमी महसूस हुई।
खबरें और भी

कितना दमदार इंजन
निर्माता की ओर से इस गाड़ी में 1.5 लीटर की क्षमता का डीजल इंजन दिया गया है। इस इंजन से एमपीवी को 85 किलोवाट की पावर और 250 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। जिससे न सिर्फ शहर बल्कि हाइवे और एक्सप्रेस पर ताकत की कमी महसूस नहीं होती। खराब सड़कों पर चलते हुए इसकी 195 एमएम की ग्रांउड क्लियरेंस भी आपको बेहतरीन अनुभव देती है। पहाड़ी सड़कें हो या फिर सपाट एक्सप्रेस वे गाड़ी को कंट्रोल में रखने के साथ ही किसी तरह की शिकायत नहीं होती। इसके साथ ही क्रूज कंट्रोल का विकल्प मिलता है, जिससे लंबा सफर करते हुए थकान भी काफी कम महसूस होती है।

कितनी है माइलेज
Kia Carens Clavis Diesel को हमने उसकी पूरी क्षमता के साथ चलाया। जिसमें छह व्यस्कों और एक बच्चे के साथ गाड़ी में चार से पांच बैग के साथ सफर किया। करीब दो हजार किलोमीटर में से एक हजार किलोमीटर से थोड़ा ज्यादा एक्सप्रेस वे पर पूरा किया। इसके अलावा इसे 300 किलोमीटर के करीब नेशनल हाइवे पर चलाया। इसके अलावा 200 किलोमीटर के आस-पास पहाड़ी क्षेत्र और बाकी किलोमीटर शहरी ट्रैफिक के बीच चलाया। इस दौरान हमें करीब 16.5 किलोमीटर की माइलेज इस एमपीवी से मिली।

समीक्षा
अगर आपको एक ऐसी गाड़ी चाहिए जिससे आसानी से 500 से 700 किलोमीटर बिना थके सफर किया जा सके। घर में चार सदस्यों के साथ काफी ज्यादा सामान रखने की जगह चाहिए या फिर सफर करने वालों की संख्या बढ़ जाए तो भी आराम से लंबा सफर तय किया जा सके। बड़े इंजन के साथ अच्छी माइलेज, बेहतरीन फीचर्स वाली एसयूवी चाहिए तो Kia Carens Clavis Diesel को चुना जा सकता है।
लेकिन अगर आप एक ऐसी एमपीवी चाहते हैं जो दिखने में ज्यादा बड़ी न लगे और सिंगल सनरूफ की जगह पैनोरमिक सनरूफ मिले। साथ ही वेंटिलेटिड सीट चाहते हैं तो फिर अन्य वेरिएंट्स या दूसरे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।