Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    क्या वाकई 500KM से ज्यादा चलती है Mahindra XEV 9e? सामने आया रेंज का असली सच

    Updated: Sun, 19 Apr 2026 07:00 PM (IST)

    महिंद्रा की ओर से बाजार में कई इलेक्‍ट्रिक एसयूवी को ऑफर किया जाता है। कुछ दिनों तक हमें Mahindra XEV9e को चलाने का मौका मिला। इस दौरान हमने इसे शहर क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    ऑटो डेस्‍क, नई दिल्‍ली। वाहन निर्माता महिंद्रा की ओर से भारतीय बाजार में कई एसयूवी की बिक्री की जाती है। निर्माता की ओर से इलेक्‍ट्रिक एसयूवी के तौर पर Mahindra XEV9e को भी ऑफर किया जाता है। इस एसयूवी को सिंगल चार्ज में कितनी दूरी तक चलाया (Mahindra XEV9e Range Test) जा सकता है। इसकी मोटर और बैटरी कितनी दमदार हैं। इसमें किस तरह के फीचर्स को दिया जा रहा है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।

    Mahindra XEV9e jagran 20851

    कैसी है Mahindra XEV9e

    महिंद्रा की ओर से प्रीमियम इलेक्‍ट्रिक एसयूवी के तौर पर एक्‍सईवी 9ई को ऑफर किया जाता है। इस एसयूवी को निर्माता की ओर से INGLO प्‍लेटफॉर्म पर बनाया गया है, जिसको खासतौर पर निर्माता की ओर से सिर्फ इलेक्‍ट्रिक एसयूवी के लिए बनाया गया है। यह एसयूवी देखने में काफी बड़ी लगती है और इसका डिजाइन काफी एयरोडाइनैमिक रखने की कोशिश की गई है।

    Mahindra XEV9e jagran 20852

    कैसा है डिजाइन

    निर्माता की ओर से इस एसयूवी को नए प्‍लेटफॉर्म पर बनाया गया है, जिसे भविष्‍य की कारों के लिए डिजाइन किया गया है। ऐसे में इस पर बनाई गई एक्‍सईवी 9ई एसयूवी काफी बेहतरीन डिजाइन और लुक्‍स के साथ आती है। बाहर के साथ ही अंंदर से भी इसे काफी प्रीमियम लुक दिया गया है और इसमें ट्रिपल स्‍क्रीन के साथ फिक्‍स्‍ड सनरूफ को दिया गया है। साथ में वेंटिलेटिड सीट, रीजनरेटिव ब्रेकिंग, दमदार एसी, बेहतरीन ऑडियो सिस्‍टम इस एसयूवी को बच्‍चों से लेकर बड़ों तक की पंसद बना सकती है।

    Mahindra XEV9e jagran 20854

    कितनी दमदार बैटरी

    Mahindra की ओर से XEV 9e के पैक थ्री में 79kWh की क्षमता की बैटरी को दिया जाता है। जिसको सिंगल चार्ज में करीब 656 किलोमीटर MIDC और 533 किलोमीटर WLTP रेंज के साथ ही निर्माता के मुताबिक वास्‍तविक तौर पर 500 किलोमीटर से ज्‍यादा दूरी तक चलाया जा सकता है।

    खबरें और भी

    Mahindra XEV9e jagran 20855

    शहर और हाइवे पर चलाई गाड़ी

    अब बात आती है एसयूवी की रेंज की। असल में यह कितनी रेंज देती है। रेंज टेस्‍ट शुरू करने से पहले हमने इसे 100 फीसदी चार्ज किया। इसके बाद हमें इसे पहले दिल्‍ली के ट्रैफिक के बीच चलाने का मौका मिला। बड़े साइज के होने के बाद भी इस एसयूवी को ट्रैफिक के बीच चलाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। इसके साथ ही इलेक्‍ट्रिक एसयूवी को ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ही ऑफर किया जाता है, जिससे इसे चलाना और भी आसान हो जाता है। शहर में गाड़ी चलाते हुए हमने इसे बंपर टू बंपर ट्रैफिक के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्‍पीड से भी चलाया। इस दौरान गाड़ी में तीनों स्‍क्रीन, ऑडियो सिस्‍टम और एसी चालू रहा। इस स्थिति में करीब 100 किलोमीटर तक चलाया। इसके बाद करीब 400 किलोमीटर तक हाइवे पर गाड़ी को 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्‍पीड से चलाया। 

    कितनी मिली रेंज

    Mahindra XEV9e के पैक थ्री को हमने करीब 500 किलोमीटर तक चलाया। इस दौरान शहर और हाइवे दोनों तरह की स्थिति में दिन और रात के समय गाड़ी को चलाया गया। गर्मी के समय एसी ऑन रहा और सफर के दौरान इसके ऑडियो सिस्‍टम के साथ नेविगेशन का उपयोग भी किया। गाड़ी में करीब दो से तीन व्‍यस्‍कों ने सफर किया और थोड़ा सामान भी गाड़ी में रखा था। 500 किलोमीटर तक गाड़ी चलाने के बाद भी इसमें करीब चार से पांच फीसदी की रेंज बची हुई थी। इस टेस्‍ट के बाद यह पक्‍का हो गया कि इस गाड़ी को पूरी तरह से चार्ज होने के बाद करीब 490 से 510 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। हालांकि यह ड्राइवर के चलाने के तरीके और स्‍पीड के साथ ही स्थिति पर भी निर्भर करता है। 

    Mahindra XEV9e jagran 20853

    कैसा रहा प्रदर्शन

    महिंद्रा की ओर से इसमें जो मोटर दी गई है उससे 210 किलोवाट की पावर और 380 न्‍यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। न तो शहर के ट्रैफिक के बीच और न ही हाइवे की खुली सड़कों पर इस गाड़ी को चलाने में परेशानी हुई। इसमें दी गई मोटर काफी दमदार है और गर्मी में भी इसका एसी काफी अच्‍छी तरह प्रदर्शन करता है। गाड़ी को आसानी से फास्‍ट चार्जर से चार्ज किया जा सकता है। लेकिन भारत में अभी भी चार्जिंग स्‍टेशन की समस्‍या बनी हुई है, जिसको चार्जर की संख्‍या बढ़ाकर दूर करने पर ईवी से सफर करना अच्‍छा विकल्‍प बन सकता है।

    Mahindra XEV9e jagran 20850

    समीक्षा

    महिंद्रा की ओर से ऑफर की जा रही XEV9e को चलाना न सिर्फ आपको बेहतरीन अनुभव दे सकता है बल्कि इस एसयूवी में दिए गए फीचर्स भी आपको काफी पंसद आ सकते हैं। इस एसयूवी की सिंगल चार्ज के बाद रेंज भी काफी प्रभावित करती है और न सिर्फ शहर बल्कि हाइवे का उपयोग करते हुए लंबी दूरी की यात्रा करने का मौका भी देती है। हालांकि इस दौरान अगर 400 किलोमीटर के बाद चार्जिंग स्‍टेशन की जानकारी पहले ही ले ली जाए तो बाद में किसी भी तरह की समस्‍या से बचा जा सकता है।

    क्‍यों खरीदें और क्‍यों न खरीदें

    अगर आपको इलेक्‍ट्रिक एसयूवी खरीदनी है और बेहतरीन फीचर्स और 500 किलोमीटर तक की रेंज के साथ एसयूवी चाहिए तो Mahindra XEV9e को खरीदा जा सकता है। लेकिन अगर आपको ऐसी गाड़ी चाहिए जो साइज में थोड़ी छोटी हो या फिर सात सीटों के साथ किसी इलेक्‍ट्रिक गाड़ी को खरीदना है तो फिर दूसरे विकल्‍पों पर विचार किया जा सकता है।

    यह भी पढ़ें- Mahindra XUV 3XO के बेस वेरिएंट को है घर लाना, दो लाख रुपये की Down Payment के बाद जाएगी कितनी EMI, पढ़ें खबर