August 2024 में हुई 6338 यूनिट्स EV की बिक्री, Tata, MG और Mahindra Top-5 में रहीं शामिल
भारत के यात्री वाहन सेगमेंट में पेट्रोल डीजल और सीएनजी कारों के अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों की भी बिक्री होती है। FADA की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक August 2024 के दौरान देश भर में कुल कितनी इलेक्ट्रिक कारों और एसयूवी की बिक्री हुई है। Top-5 में कौन सी कंपनियां शामिल हुई हैं। किस कंपनी ने कितनी Electric Cars की बिक्री बीते महीने में की है। आइए जानते हैं।
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। बीते महीने देशभर में अन्य ईंधन वाली कारों के साथ ही Electric Cars सेगमेंट में भी वाहनों की बिक्री हुई है। FADA की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक किस कंपनी की ओर से August 2024 के दौरान कितनी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की गई है। हम इसकी जानकारी (August 2024 EV sales) आपको इस खबर में दे रहे हैं।
6300 से ज्यादा यूनिट्स की हुई बिक्री
FADA की रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में August 2024 के दौरान कुल 6338 यूनिट्स इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई है। ईयर ऑन ईयर बेसिस पर इस सेगमेंट में करीब दस फीसदी की कमी दर्ज की गई है। August 2023 के दौरान देशभर में 7040 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई थी।
यह भी पढ़ें- Maruti eVX: इस गाड़ी से होगी इलेक्ट्रिक सेगमेंट में मारुति की एंट्री, जनवरी 2025 में होगा डेब्यू
Tata Motors EV
टाटा मोटर्स की ओर से August 2024 के दौरान सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की गई। कंपनी की ओर से बीते महीने में कुल 4086 यूनिट्स की बिक्री की गई। ईयर ऑन ईयर बेसिस पर कंपनी की बिक्री में करीब 14 फीसदी की कमी आई है। पिछले साल इसी अवधि में टाटा मोटर्स ने 4783 यूनिट्स ईवी की बिक्री की थी। टाटा मोटर्स के पोर्टफोलियो में इलेक्ट्रिक कारों के तौर पर टियागो, पंच, नेक्सन, टिगोर जैसी ईवी शामिल हैं।
MG Motors
ब्रिटिश कार निर्माता एमजी की ओर से भी भारतीय बाजार में कॉमेट और जेडएस ईवी को ऑफर किया जाता है। बीते महीने कंपनी ने कुल 1353 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की। बिक्री के मामले में एमजी मोटर्स टाटा के बाद दूसरे नंबर पर रही। ईयर ऑन ईयर बेसिस पर कंपनी ने 12 फीसदी की बढ़त हासिल की है। पिछले साल August में एमजी मोटर्स ने 1208 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की थी।
Mahindra
महिंद्रा की Xuv400 भी इलेक्ट्रिक एसयूवी के तौर पर भारतीय बाजार में ऑफर की जाती है। कंपनी की इकलौती इलेक्ट्रिक एसयूवी की August 2024 के दौरान 317 यूनिट्स की बिक्री हुई। जबकि बीते साल August महीने में इस एसयूवी की 406 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।
BYD
चीन की इलेक्ट्रिक कार कंपनी बीवाईडी ने भी August 2024 के दौरान भारतीय बाजार में 209 इलेक्ट्रिक यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने पिछले साल इसी अवधि में 104 यूनिट्स की बिक्री की थी। आंकड़ों के मुताबिक कंपनी ने 100 फीसदी की बढ़ोतरी ईयर ऑन ईयर बेसिस पर हासिल की है।
Citroen
भारतीय बाजार में सिट्रॉएन की ओर से भी Electric Car सेगमेंट में वाहनों की बिक्री होती है। कंपनी ने बीते महीने में 159 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि बीते साल इसी अवधि में कंपनी ने 118 यूनिट्स की बिक्री की थी।
यह भी पढ़ें- MG Windsor EV हुई भारत में लॉन्च, मिलेगी 331KM की रेंज, कीमत 9.9 लाख रुपये से शुरू