विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kia 2030 से बनाएगी नई पेट्रोल-डीजल कारें और इलेक्ट्रिक गाड़ियां, भारत में दूसरा प्लांट लगाने का किया एलान

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:01 PM (IST)

Kia आंध्र प्रदेश में दूसरा प्लांट लगाएगी, जहां 2030 से नई ICE और इलेक्ट्रिक कारें बनेंगी तथा 12,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

Kia भारत में खोलेगी दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट

Kia भारत में खोलेगी दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई कार निर्माता Kia ने भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ अनंतपुर में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस नए प्लांट में कंपनी पेट्रोल-डीजल जैसी ICE कारों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) का भी उत्पादन करेगी। Kia ने इसकी शुरुआत 2030 की शुरुआत में करने का लक्ष्य रखा है। इस फैसले से कंपनी को अपनी मौजूदा कारों के अलावा नए मॉडल पेश करने और भारत से निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी।

2019 में एक कार के साथ Kia ने की थी भारत में शुरुआत

Kia ने साल 2019 में भारतीय बाजार में कदम रखा था। कंपनी ने यहां अपनी पहली कार Seltos और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में एक नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के साथ कारोबार शुरू किया था। Seltos को भारतीय ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह कंपनी के लिए एक सफल मॉडल साबित हुई। इसके बाद 2020 में Sonet को पेश किया गया। इन दोनों कारों के जरिए Kia ने भारतीय बाजार में अपनी पहचान तेजी से बनाई।

सात साल में 11 मॉडल तक पहुंचा Kia का पोर्टफोलियो

भारत में शुरुआत के समय Kia के पास केवल एक कार थी, लेकिन अब कंपनी का पोर्टफोलियो बढ़कर 11 मॉडल तक पहुंच गया है। कंपनी पेट्रोल, डीजल, CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के ऑप्शन में वाहन बेच रही है। इसके मौजूदा पोर्टफोलियो में Sonet, Syros, Syros EV, Seltos, Carens, Carens Clavis, Carens Clavis EV, Carnival, Sorento, EV6 और EV9 शामिल हैं। नए प्लांट की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब कंपनी भारतीय बाजार में अपने मॉडल पोर्टफोलियो को और विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

दूसरे प्लांट में बनेंगी नई ICE और इलेक्ट्रिक कारें

Kia के नए प्लांट से ग्राहकों के लिए सबसे अहम बात यह है कि यहां कंपनी नई कारों का उत्पादन करेगी। कंपनी ने पुष्टि की है कि इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में ICE और इलेक्ट्रिक, दोनों तरह के नए मॉडल बनाए जाएंगे। हालांकि, Kia ने अभी तक उन कारों के नाम या उनकी श्रेणी से जुड़ी कोई जानकारी शेयर नहीं की है।

नए प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 2 लाख कारों की होगी। इससे Kia को अपने मौजूदा मॉडल के उत्पादन पर दबाव डाले बिना नए वाहनों को शामिल करने की गुंजाइश मिलेगी। कंपनी के लिए यह सुविधा भविष्य में अपने पोर्टफोलियो को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण आधार बन सकती है।

मौजूदा प्लांट में सालाना बनती हैं 4.3 लाख कारें

Kia का पहला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी अनंतपुर, आंध्र प्रदेश में स्थित है। इस मौजूदा प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 4.3 लाख वाहनों की है। कंपनी यहां Sonet से लेकर Sorento तक कुल सात मॉडल का उत्पादन करती है। दूसरे प्लांट के शुरू होने के बाद कंपनी को अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मिलेगी। इससे मौजूदा मॉडल के साथ नए ICE और EV मॉडल के निर्माण को भी जगह मिल सकेगी।

2030 की शुरुआत में शुरू होगा उत्पादन

Kia ने नए प्लांट में उत्पादन शुरू करने के लिए 2030 की शुरुआत का लक्ष्य रखा है। इसका मतलब है कि इस यूनिट से तैयार होने वाली पहली कारों के लिए अभी इंतजार करना होगा। तब तक भारतीय बाजार में बिकने वाली Kia की कारों का उत्पादन मौजूदा अनंतपुर प्लांट से ही जारी रहेगा। कंपनी ने नए प्लांट में बनने वाले मॉडल की जानकारी फिलहाल नहीं दी है, लेकिन ICE और EV दोनों सेगमेंट में नए वाहनों के उत्पादन की पुष्टि की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।