विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर: ई-शिक्षाकोष पर शिक्षक प्रोफाइल सुधार का 28 अगस्त तक अंतिम मौका; 9वीं-10वीं के छात्रों का OTR भी अनिवार्य

Updated: Thu, 20 Aug 2026 07:14 AM (IST)

शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों के प्रोफाइल में त्रुटि सुधार और अपडेट के लिए 28 अगस्त तक अंतिम अवसर दिया है। साथ ही, 9वीं-10वीं के SC/ST/BC/EBC छात्रों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य किया गया है ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

तबादले व समायोजन के लिए शिक्षक 28 अगस्त तक सुधारें प्रोफाइल विवरण; DPO स्थापना के माध्यम से होगा संशोधन

तबादले व समायोजन के लिए शिक्षक 28 अगस्त तक सुधारें प्रोफाइल विवरण; DPO स्थापना के माध्यम से होगा संशोधन

HighLights

  1. शिक्षकों के ई-शिक्षाकोष प्रोफाइल अपडेट की अंतिम तिथि 28 अगस्त।

  2. 9वीं-10वीं के छात्रों के लिए OTR पंजीकरण अनिवार्य किया गया।

  3. छात्रवृत्ति हेतु राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर OTR पंजीकरण आवश्यक।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों के प्रोफाइल में दर्ज विभिन्न त्रुटियों को सुधारने और रिकॉर्ड को शत-प्रतिशत अपडेट करने के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया है।

प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को सख्त निर्देश जारी करते हुए आगामी 28 अगस्त तक प्रोफाइल अपडेशन की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने का आदेश दिया है। इस आदेश का सीधा प्रभाव भागलपुर जिले के हजारों शिक्षकों पर पड़ेगा।

विभागीय समीक्षा में पाया गया है कि शिक्षकों के पदस्थापन, समानुपातीकरण, समायोजन और स्थानांतरण की प्रक्रिया के दौरान कई शिक्षकों के प्रोफाइल में गलत या अधूरी जानकारियां दर्ज हैं।

DPO स्थापना के सत्यापन के बाद होगा सुधार

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक अपने ई-शिक्षाकोष प्रोफाइल की गंभीरता से जांच कर लें। यदि पंजीकरण, पदस्थापन विवरण या व्यक्तिगत जानकारी में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित शिक्षक साक्ष्यों के साथ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को लिखित आवेदन समर्पित करेंगे। डीपीओ स्थापना द्वारा आवेदन के भौतिक सत्यापन के बाद प्रोफाइल में सुधार किया जाएगा।

वहीं, नियुक्ति के प्रकार में कोटि-10, कोटि-11 और कोटि-12 से संबंधित प्रविष्टियों में संशोधन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी की अनुशंसा अनिवार्य होगी, जिसके उपरांत मुख्यालय स्तर से डेटा अपडेट किया जाएगा।

9वीं व 10वीं के छात्रों के लिए OTR कराना अनिवार्य

दूसरी ओर, जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौवीं और दसवीं के अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (BC) एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के छात्र-छात्राओं का 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (OTR) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर ओटीआर के आधार पर ही विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।

डीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत ओटीआर कराने और इसकी अद्यतन संख्या को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज करने का टास्क दिया है।

पीरामल फाउंडेशन दे रहा तकनीकी सहयोग]

इस पूरी प्रक्रिया के सुचारु क्रियान्वयन के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों व शिक्षकों को आवश्यक आईईसी सामग्री और विस्तृत दिशा-निर्देश मुहैया कराए गए हैं, जिसमें यूजर रजिस्ट्रेशन से लेकर फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) तक की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई है।

जिले में यह अभियान शिक्षा विभाग और पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से चलाया जा रहा है। पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि दिव्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि विद्यालयों को हर स्तर पर तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। तकनीकी बाधा आने पर विद्यालय प्रधान सीधे फाउंडेशन की टीम से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।