बिहार: 11 साल तक चलता रहा खेल, ट्रांसफर के बाद सामने आया सच; 1 ही सर्टिफिकेट पर 2 शिक्षकों की नौकरी
भागलपुर में एक ही नाम और शैक्षणिक दस्तावेजों पर दो शिक्षकों की नौकरी का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक शिक्षक पर दूसरे के कागजात इस्तेमाल करने का आरोप है।

1 ही सर्टिफिकेट पर 2 शिक्षकों की नौकरी (AI Generated Image)
HighLights
भागलपुर में एक ही नाम के दो शिक्षक मिले।
एक शिक्षक पर दूसरे के दस्तावेज उपयोग का आरोप।
आरोपी शिक्षक का वेतन रोका, जांच जारी है।
अभिषेक प्रकाश, भागलपुर। जिला शिक्षा विभाग में फर्जी शिक्षक का एक और गंभीर मामला सामने आया है। इस बार मामला शाहकुंड और पीरपैंती प्रखंड से जुड़ा है। हैरानी की बात यह है कि दोनों शिक्षकों का नाम ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक डिग्री समेत कई दस्तावेज समान हैं।
इसको लेकर शाहकुंड के प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति नगर में कार्यरत शिक्षक बिपिन कुमार तांती ने जिला शिक्षा विभाग में शिकायत कर पीरपैंती के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मण टोला में कार्यरत बिपिन कुमार तांती पर उनके दस्तावेज के आधार पर नौकरी करने का आरोप लगाया है।
दरअसल, मामले का खुलासा यू-डायस अपडेट करने के दौरान हुआ। विभागीय पोर्टल पर एक ही नाम से दो शिक्षक सामने आने के बाद शाहकुंड के शिक्षक को संदेह हुआ। उन्होंने दोनों शिक्षकों के दस्तावेज निकलवाए तो शैक्षणिक योग्यता समेत कई जानकारियां समान मिलीं।
इसके बाद उन्होंने विभाग में लिखित शिकायत दी। उनका कहना है कि उनके नाम और डिग्री का इस्तेमाल कर दूसरे व्यक्ति ने सरकारी नौकरी हासिल की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके नाम पर तीन-चार बीमा पालिसी तक ली गई हैं।
मामले में विभाग ने प्रथम दृष्टया संज्ञान लेते हुए पीरपैंती में कार्यरत शिक्षक का एचआरएमएस पोर्टल बंद कर दिया है और वेतन पर भी रोक दिया है। वहीं, मिली जानकारी के अनुसार विभाग में अब तक दो सुनवाई हो चुकी हैं, लेकिन आरोपित शिक्षक दोनों में उपस्थित नहीं हुआ।
बांका से भागलपुर तबादला नहीं होता तो शायद नहीं खुलता राज
शिकायत के अनुसार पीरपैंती में कार्यरत शिक्षक वर्ष 2015 से बांका जिले के धोरैया प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय राजूपथार पोठिया में नियोजित शिक्षक के रूप में कार्यरत था। वर्ष 2025 में सक्षमता परीक्षा के बाद वह विशिष्ट शिक्षक बना।
30 अगस्त 2025 को तबादला लेकर बांका से भागलपुर आया और प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मण टोला, पीरपैंती में पदस्थापित हुआ। भागलपुर आने और विभागीय पोर्टल पर दोनों शिक्षकों की जानकारी सामने आने के बाद यह पूरा मामला पकड़ में आया।
स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार के अनुसार शिकायत की जानकारी मिलने के बाद से संबंधित शिक्षक स्कूल नहीं आ रहा है। वह 15 दिन से अधिक समय से अनुपस्थित है।
शाहकुंड के पीएस अनुसूचित जाति नगर में कार्यरत शिक्षक बिपिन कुमार तांती का आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। - शशि चंदन चौधरी, डीपीओ स्थापना
