भोजपुर में झाड़-फूंक के शक में खूनी खेल, बेटी की मौत का आरोप लगा छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या
भोजपुर के मिठहां गांव में झाड़-फूंक के पुराने विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

भोजपुर में झाड़-फूंक के शक में खूनी खेल
HighLights
अंधविश्वास और झाड़-फूंक के पुराने विवाद में हत्या।
73 वर्षीय हीरालाल राम की पिटाई से मौत हुई।
बेटी की मौत का आरोप लगाकर छोटे भाई ने मारा।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव में अंधविश्वास और झाड़-फूंक को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने गुरुवार की रात खूनी रूप ले लिया। स्वजन के आरोप के अनुसार, छोटे भाई ने बड़े भाई की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल 73 वर्षीय हीरालाल राम ने शुक्रवार की सुबह घर में दम तोड़ दिया।
मृतक मिठहां गांव के वार्ड नंबर 12 निवासी थे।घटना की सूचना मिलते ही धनगाई थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया।
मृतक के सिर के पीछे बाईं ओर चोट का निशान बताया गया है। मृतक के पुत्र अजय राम ने अपने चाचा लाल बाबू राम पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपित फरार बताया जा रहा है।
बेटी की मौत के बाद भाई पर लगाने लगा आरोप
मृतक के पुत्र अजय राम ने पुलिस को बताया कि उनके पिता कई वर्षों से ओझाई का काम करते थे। करीब ढाई वर्ष पूर्व उनके चाचा लाल बाबू राम की बेटी की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से लाल बाबू राम अपने भाई हीरालाल राम पर झाड़-फूंक करने और उसी के कारण बेटी की मौत होने का आरोप लगाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से हमला
बताया गया कि गुरुवार की रात इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लाल बाबू राम ने लाठी-डंडे से हीरालाल राम की पिटाई कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद स्वजन उन्हें घर लेकर आए।
सुबह खेत गए स्वजन, लौटे तो मिली मौत की खबर
स्वजन के अनुसार, शुक्रवार की सुबह हीरालाल राम बातचीत कर रहे थे और उनकी हालत सामान्य प्रतीत हो रही थी। इसके बाद परिवार के सदस्य खेत में काम करने चले गए।

कुछ देर बाद जब वे घर लौटे तो हीरालाल राम मृत अवस्था में मिले। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटी की मौत को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में मारपीट के दौरान हीरालाल राम की मौत होने की बात सामने आई है।
हालांकि, पुलिस को अभी तक मृतक के स्वजन की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोजपुर में पानी का कहर; नदी, तालाब और बाढ़ के पानी में डूबने से 3 की मौत
