विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन से यात्रियों को बाहर फेंक देता था 'साइको किलर', प्रयागराज से रोहित तिवारी अरेस्ट; पटना ला रही RPF-GRP

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:18 PM (IST)

ट्रेनों में यात्रियों का सामान छीनकर उन्हें चलती ट्रेन से फेंकने वाले 'साइको किलर' रोहित तिवारी को प्रयागराज से गिरफ्तार ...और पढ़ें

रोहित तिवारी प्रयागराज से गिरफ्तार

रोहित तिवारी प्रयागराज से गिरफ्तार

HighLights

  1. 'साइको किलर' रोहित तिवारी प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया।

  2. यात्रियों को लूटकर चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप है।

  3. आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम उसे पटना ला रही है।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। ट्रेनों में यात्रियों का सामान छीनने और उन्हें चलती ट्रेन से फेंकने के आरोपित रोहित तिवारी को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मंगलवार की शाम प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम उसे प्रयागराज से लेकर पटना के लिए रवाना हो गई है।

रोहित तिवारी को रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले ‘साइको किलर’ के तौर-तरीके वाले आरोपित के रूप में जांचा जा रहा है।

गिरफ्तारी के लिए गठित संयुक्त टीम में जीआरपी पटना, जीआरपी दानापुर और आरपीएफ आरा की टीम शामिल थी। प्रयागराज में कार्रवाई के बाद टीम आरोपित को लेकर पटना लौट रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रेलखंड में हुई अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाएगी।

ट्रेनों में यात्रियों को बनाता था निशाना

आरोपित भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बरिसवन गांव का निवासी बताया जा रहा है। दानापुर रेल मंडल के पटना जंक्शन से लेकर आरा, बक्सर, डीडीयू और आगे जबलपुर रेलखंड तक उसकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रोहित तिवारी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोप है कि वह यात्रियों का सामान छीनने के बाद उन्हें ट्रेन के गेट के पास ले जाकर बाहर फेंक देता था।

सामान छीनने के बाद यात्री को फेंकने का आरोप

इस तरह की घटनाओं में सामान बरामद नहीं होने के कारण पुलिस के सामने साक्ष्य जुटाने की चुनौती बनी रहती थी। घटना के बाद आरोपित के संबंध में भी तत्काल ठोस सुराग नहीं मिल पाता था।

हाल के दिनों में दानापुर क्षेत्र में हुई एक घटना के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ाई। इसी क्रम में सोमवार की दोपहर जगजीवन हाल्ट के बाद ट्रेन में हुई एक घटना के बाद संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

तकनीकी सुराग से प्रयागराज तक पहुंची टीम

तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर संदिग्ध के प्रयागराज क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद जीआरपी पटना, जीआरपी दानापुर और आरपीएफ आरा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

टीम ने प्रयागराज पहुंचकर रोहित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पटना लाया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रेलखंड में हुई अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

कई रेलखंडों में वारदात की हो रही जांच

रेल पुलिस के अनुसार, आरोपित की गतिविधियों और पूर्व की घटनाओं से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसने किन-किन ट्रेनों और रेलखंडों में यात्रियों को निशाना बनाया तथा छीने गए सामान का क्या किया जाता था।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनाओं में रोहित तिवारी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पूर्व में दर्ज रेल अपराधों से उसके संभावित संबंधों को भी खंगाला जा रहा है।

पूछताछ के बाद सामने आएगी पूरी कहानी

रोहित तिवारी को पटना लाए जाने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि वह किन परिस्थितियों में यात्रियों को निशाना बनाता था और अब तक कितनी घटनाओं में उसकी कथित संलिप्तता रही है।

पुलिस की ओर से बुधवार को दानापुर में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है। इसमें गिरफ्तारी, आरोपित के कथित तौर-तरीकों और जांच में मिले सुरागों की विस्तृत जानकारी दी जा सकती है।

यह भी पढ़ें- साइको किलर ने नितिन यादव को चलती ट्रेन से किया अगवा, फिर हत्या; बिहार-UP बॉर्डर पर चार पार्ट में शव बरामद