'जनता के प्यार को छोड़ मैं कहीं जाने वाला नहीं', आरके सिंह ने लोकसभा चुनाव से पहले ही बता दी मंशा
Union Minister RK Singh केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने शनिवार को शाहपुर प्रखंड के कई गांव का दौरा किया और जनता से सीधे संवाद करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जवइनिया गांव के समीप गंगा नदी में हो रहे कटाव को रोकने के लिए राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्रालय से बात की जाएगी।
Union Minister RK Singh : संवाद सूत्र, शाहपुर। 'आरा से लड़े थे और आरा से ही लड़ेंगे चुनाव, यहां के जनता के प्यार को छोड़ मैं कहीं अन्य जाने वाला नहीं।' उक्त बातें केंद्रीय मंत्री सह आरा सांसद राजकुमार सिंह ने शनिवार को अपने शाहपुर के दौरे के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व में देश का सम्मान दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे चुनाव नहीं लड़ने की भविष्यवाणी कुछ लोगों द्वारा की जा रही है, यह बकवास है, आरा की जनता से मुझे आत्मीय लगाव हो चुका है।
कई गांव का दौरा कर जनता से किया सीधा संवाद
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सिंह ने शाहपुर प्रखंड के कई गांव का दौरा किया और जनता से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जवइनिया गांव के समीप गंगा नदी में हो रहे कटाव को रोकने के लिए राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्रालय से बात की जाएगी।
यदि उनसे संभव नहीं हुआ तो केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय से नदी की धारा को मोड़ने के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा जाएगा।
सड़क बनाने का दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने शाहपुर प्रखंड के बरिसवन गांव में स्टेडियम बनाने, बिहिया चौरस्ता के समीप रिंग रोड बनाने तथा सहजौली में महादलित बस्ती होते हुए विवाह मंडप तक रोड बनाने की बात कही।
इसके पूर्व शाहपुर के पूर्व विधायक मुन्नी देवी, भाजपा नेता भुअर ओझा व युवा भाजपा नेता राकेश विशेश्वर ओझा के नेतृत्व में बिहिया चौरस्ता के समीप सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं एवं उनके समर्थकों द्वारा केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत किया।
साथ ही उन्हें केसरिया पगड़ी बांधकर तलवार भेंट की गई। इसके पश्चात चंदा गांव में प्रखंड मुखिया संघ के द्वारा उन्हें कई मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस दौरान डीडीसी बिक्रम वीरकर, जिला मुखिया संघ के सचिव मनोज ठाकुर, भाजपा नेता त्रिभुवन सिंह, अखिलेश सिंह, रिंकु तिवारी, मुन्ना प्रसाद, गुलाब सिंह, संतोष तिवारी, पंकज तिवारी, पप्पू राय, धीरेंद्र राय सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बलिदानी जवान के नाम पर बनेगा पुस्कालय
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के तुंबा के जंगल में उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद गौतम पासवान के परिजनों से रंदाडीह गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने मुलाकात की।
उन्होंने बलिदानी जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया। साथ स्थानीय लोगों की मांग पर बलिदानी जवान के नाम पर पुस्तकालय बनवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश विशेश्वर ओझा, वार्ड पार्षद मनोज पासवान, सतीश भट्ट, सुमन कुमार, नरेंद्र तिवारी, अंकित पांडे, पंकज तिवारी आदि उपस्थित थे।