विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेब के कार्टूनों से निकली 5301 से लीटर शराब, बिहार में पकड़ा गया हिमाचल प्रदेश से आया ट्रक 

Published: Mon, 07 Sep 2026 01:28 PM (IST)

बक्सर में उत्पाद विभाग ने गंगा पुल चेकपोस्ट पर सड़े-गले सेबों की आड़ में ले जाई जा रही 64 लाख रुपये की 5301 लीटर चंडीगढ़ निर्मित शराब जब्त की।

बक्सर में पकड़ी गई 5301 लीटर शराब। फोटो जागरण

बक्सर में पकड़ी गई 5301 लीटर शराब। फोटो जागरण

HighLights

  1. गंगा पुल चेकपोस्ट पर 64 लाख की शराब जब्त।

  2. सड़े-गले सेबों की आड़ में हो रही थी तस्करी।

  3. हिमाचल से पूर्णिया जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, बक्सर। उत्पाद विभाग की टीम ने गंगा पुल चेकपोस्ट पर रविवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़े-गले सेबों की आड़ में ले जाई जा रही 64 लाख रुपए मूल्य की चंडीगढ़ निर्मित ब्रांडेड शराब जब्त की है।

पुलिस ने मौके से शराब लदे एक ट्रक को जब्त करते हुए चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब 597 कार्टन में कुल 5301 लीटर पाई गई है, जिसे हिमाचल प्रदेश से लाकर बिहार के पूर्णिया में डिलीवर किया जाना था।

जांच के दौरान पकड़ा गया हिमाचल का ट्रक

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि रविवार शाम से गंगा पुल चेकपोस्ट पर उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक संतोष कुमार पाठक और अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार की टीम यूपी की ओर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी।इसी दौरान उत्तर प्रदेश की दिशा से आ रहे हिमाचल प्रदेश नंबर के एक डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

प्रथम दृष्टया ट्रक पर सेब की पेटियां लदी दिखाई दीं, लेकिन पेटियां खोलने पर अंदर सड़े-गले सेब देख टीम को शंका हुई। पेटियों को हटाने पर नीचे छिपाकर रखे गए शराब के कार्टन बरामद हुए।

दो तस्करों की गिरफ्तारी 

टीम ने तुरंत शराब और ट्रक को जब्त करते हुए उस पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के राजगढ़ अंतर्गत नमोल निवासी चालक विनोद कुमार और सोलन निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सेब की आड़ में हिमाचल प्रदेश से यह खेप लेकर आ रहे थे और इसे पूर्णिया में डिलीवर करने वाले थे।

यह भी पढ़ें- यूरिया 350, तो DAP 2200 रुपये बोरी, बांका में खाद की किल्लत से किसान परेशान; दुकानदार उठा रहे मजबूरी का फायदा