विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा बीएसएपी 13 में मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस का असर, 122 जवान पड़े बीमार, 117 को मिली छुट्टी

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Ajit kumar
Published: Wed, 07 Oct 2026 09:15 PM (IST)

Bihar Police Female Jawans Sick: दरभंगा में बीएसएपी-13 के मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस के प्रभाव से 122 प्रशिक्षु ...और पढ़ें

दरभंगा के डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती जवान। फोटो: जागरण

दरभंगा के डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती जवान। फोटो: जागरण


HighLights

  1. मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस से 122 जवान बीमार पड़े।

  2. डीएमसीएच में इलाज के बाद 117 जवानों को छुट्टी मिली।

  3. कमांडेंट ने अश्रु गैस को जवानों की बीमारी का कारण बताया।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga BSAP 13 Tear Gas News: बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (बीएसएपी-13) परिसर में बुधवार की दोपहर करीब 3:30 बजे मॉक ड्रिल के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

सीनियर अधिकारियों के अभ्यास के दौरान इस्तेमाल की गई अश्रु गैस (टियर गैस) की चपेट में आने से लगभग 122 प्रशिक्षु जवान बीमार पड़ गए।

सभी को शाम छह बजे डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां करीब तीन घंटे चले इलाज के बाद 117 जवानों को डिस्चार्ज कर दिया गया।

पेड़ के नीचे बैठे थे जवान

जानकारी के अनुसार बीएसएपी-13 परिसर में सीनियर्स के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। इसी दौरान मेस से खाना खाकर लौट रहे कुछ प्रशिक्षु महिला व पुरुष जवान पास ही पेड़ के नीचे बैठकर अभ्यास देखने लगे।

इसी बीच छोड़ी गई टियर गैस का असर वहां तक पहुंच गया। गैस के प्रभाव से जवानों को अचानक चक्कर आने, जी मिचलाने और उल्टी की शिकायत होने लगी।

अश्रु गैस बनी वजह

प्रशिक्षु जवानों की तबीयत बिगड़ते देख पहले परिसर में ही प्राथमिक उपचार किया गया, फिर वाहनों से डीएमसीएच लाया गया। देर शाम अस्पताल पहुंचे बीएसएपी-13 के कमांडेंट रवीश कुमार ने फूड प्वाइजनिंग की खबरों को खारिज किया।

उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान छोड़े गए टियर गैस के प्रभाव में आने से जवानों की तबीयत बिगड़ी थी। फिलहाल पांच जवानों का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है।

इलाके में पानी का छिड़काव

डीएमसीएच पहुंचे जवानों में सत्येंद्र सिंह, प्रियंका कुमारी, हिना कुमारी, सुष्मिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, बृजकिशोर कुमार, शालो कुमारी, राखी कुमारी, स्वीटी कुमारी, ललित पासवान, प्रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रिचा कुमारी, रूपा कुमारी, नीलू कुमारी, ममता कुमारी, उषा कुमारी, ज्योति कुमारी, स्वीटी कुमारी, मीना कुमारी, पूजा कुमारी, अनुष्का कुमारी, नेहा, सपना कुमारी, पूजा कुमारी, दिव्या कुमारी, अनुराधा कुमारी, बबीता कुमारी, वीणा कुमारी, निर्जला कुमारी, कोमल कुमारी, रागिनी कुमारी, रिचा कुमारी आदि शामिल हैं।

देर शाम प्रशिक्षु जवानों को देखने बीएसएपी-13 के कमांडेंट रवीश कुमार डीएमसीएच पहुंचे। पूछने पर उन्होंने फूड प्वाइजनिंग से इन्कार करते हुए बताया कि सीनियर्स के माक ड्रिल को देखने के दौरान  ये लोग टियर गैस के प्रभाव में आ गए। इस वजह से उपचार की जरूरत पड़ी है।

डीएमसीएच में पांच भर्ती हैं। घटना के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉक ड्रिल वाले पूरे परिसर में पहुंचकर पानी का छिड़काव किया ताकि टियर गैस के असर को पूरी तरह खत्म किया जा सके।