विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब नए कलेवर में दिखेंगे दरभंगा के दोनों संग्रहालय, कायाकल्प की तैयारी तेज

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:11 PM (GMT+05:30)

दरभंगा के चंद्रधारी और महाराजाधिराज लक्ष्मीश्वर सिंह संग्रहालयों का कायाकल्प किया जाएगा। निदेशक कृष्ण कुमार ने निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

चन्द्रधारी संग्रहालय में निरीक्षण करते संग्रहालय एवं पुरातत्त्व निदेशालय के निदेशक। सौ. संग्रहलाय

चन्द्रधारी संग्रहालय में निरीक्षण करते संग्रहालय एवं पुरातत्त्व निदेशालय के निदेशक। सौ. संग्रहलाय

HighLights

  1. दरभंगा के दो प्रमुख संग्रहालयों का कायाकल्प होगा।

  2. निदेशक कृष्ण कुमार ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

  3. संग्रहालयों को मिथिला की सांस्कृतिक चेतना से जोड़ा जाएगा।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा की पहचान सिर्फ मिथिला की संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं है। यहां के संग्रहालयों में भी इतिहास के अनमोल पन्ने सहेजे हुए हैं। अब इन धरोहरों को नई पहचान देने की तैयारी है।

शहर के चन्द्रधारी संग्रहालय और महाराजाधिराज लक्ष्मीश्वर सिंह संग्रहालय की सूरत बदलने वाली है। दोनों संग्रहालयों का कायाकल्प कर उन्हें अधिक आकर्षक, सुविधाजनक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की योजना है।

इसी कड़ी में रविवार को बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के संग्रहालय एवं पुरातत्त्व निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार ने दोनों संग्रहालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीर्णोद्धार, आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

समय पर पूरे होंगे निर्माण कार्य

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने संग्रहालयों की मौजूदा स्थिति और प्रस्तावित विकास योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड और बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की।

उन्होंने आधारभूत संरचना के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

संग्रहालयों से जुड़ेगी मिथिला की सांस्कृतिक विरासत

संग्रहालयों को सिर्फ पुरानी वस्तुओं को देखने की जगह तक सीमित रखने की योजना नहीं है। इन्हें समाज और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने वाले सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान पुरातत्त्व के अध्येता डा. मुरारी कुमार झा ने स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि मिथिला के गांवों में प्राचीन मंदिर, मूर्तियां, अभिलेख, ऐतिहासिक भवन और पारंपरिक जलस्रोत मौजूद हैं। इनके ऐतिहासिक महत्व से आम लोग अब भी अनजान हैं।

गांव-गांव की धरोहरों को मिलेगी पहचान

डा. मुरारी कुमार झा ने कहा कि जनजागरूकता अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों को अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक किया जा सकता है। इससे गांवों में बिखरी पुरातात्विक धरोहरों की पहचान और संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निदेशक कृष्ण कुमार ने इस प्रस्ताव की सराहना की। उन्होंने कहा कि संग्रहालयों को समाज और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान संग्रहालय निदेशालय के अपर निदेशक डा. शंकर सुमन, चन्द्रधारी संग्रहालय के सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डा. रवि कान्त कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, मनोरंजन कुमार, नीरज कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल के इनरवा बॉर्डर पर फिर दौड़ेंगे चारपहिया वाहन! छोटी भंसार खुलने की जगी उम्मीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।