बिहार में बनेगा एक और हाई-स्पीड कॉरिडोर! ₹3300 करोड़ से फोरलेन होगा NH-33, 17 गांवों से ली जाएगी जमीन
अरवल से बिहारशरीफ तक NH-33 को फोरलेन में बदलने की ₹3300 करोड़ की परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है, जिससे 89 किलोमीटर की यात्रा का समय घटकर 90 मिनट रह जाएगा।

बिहार में बनेगा एक और हाई-स्पीड कॉरिडोर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
NH-33 को अरवल से बिहारशरीफ तक फोरलेन किया जाएगा।
₹3300 करोड़ की लागत से 89 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा।
परियोजना में 17 गांवों में भूमि अधिग्रहण और बाईपास शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। अरवल से जहानाबाद होते हुए बिहारशरीफ तक सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में अच्छी खबर मिलने वाली है। एनएच-33 को टू-लेन से फोरलेन में बदलने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है।
करीब 89 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि अरवल से बिहारशरीफ के बीच की दूरी तय करने में लगने वाला समय भी घटकर करीब 90 मिनट रह जाने की उम्मीद है।
3300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत
करीब 3300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के साथ कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बाईपास और एलिवेटेड रोड बनाने की भी योजना है।
परियोजना के तहत अरवल जिले में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए अरवल और करपी प्रखंड के कुल 17 मौजों में 36.015 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इनमें अरवल प्रखंड के पांच मौजे डंगरा आहर, मोथा, सैफबाद, जलपुरा और भदासी शामिल हैं।
12 मौजों की जमीन भी अधिग्रहित होगी
वहीं करपी प्रखंड के 12 मौजों की जमीन भी अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए सर्वेक्षण का काम शुरू किया गया है। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले जमीन अधिग्रहण से संबंधित प्रस्ताव प्राप्त हुआ था।
प्रस्ताव में कुछ त्रुटियां पाए जाने के कारण उसे संशोधन के लिए वापस भेज दिया गया है। संशोधित प्रस्ताव प्राप्त होते ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कई बाजारों को जाम से मिलेगी मुक्ति
इस परियोजना में अरवल, जहानाबाद और एकंगरसराय में बाईपास निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा किंजर, इमामगंज, तेल्हाड़ा और बिहारशरीफ के आसपास भी बाईपास अथवा एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है।
अरवल जिले में इमामगंज और किंजर बाजार के पहले फोरलेन बाईपास निकाले जाने का प्रस्ताव है। इससे बाजारों में वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलेगी। सड़क निर्माण पूरा होने पर जहानाबाद, अरवल समेत आसपास के जिलों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।