Jamui Vidhan Sabha Chunav 2025: जमुई से श्रेयसी सिंह ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, RJD को झटका
जमुई में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आने पर राजनीतिक दलों के कार्यालयों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखी गईं। श्रेयसी सिंह की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। लोगों ने एनडीए सरकार के कार्यों पर विश्वास जताया और श्रेयसी सिंह को बधाई दी।

संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का परिणाम शुक्रवार को आते ही जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में जश्न और मायूसी दोनों तरह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही पार्टी कार्यालयों में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग इंटरनेट और मोबाइल फोन से हर पल की जानकारी प्राप्त करते रहे।
चुनाव परिणाम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शहर के रजिस्ट्री कचहरी रोड, राजद कार्यालय के पास तथा झाझा बस स्टैंड के समीप बैरिकेड लगाए गए थे। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरे दिन सक्रिय रही।
सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। दोपहर बाद जैसे ही परिणामों के रुझान आने लगे, भाजपा और जदयू कार्यालयों में ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचने लगे। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी।
जमुई विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने लगातार दूसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पिछले चुनाव में उन्होंने 41 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की थी। इस बार उन्होंने अपना ही रिकार्ड तोड़ते हुए 54,772 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की।
इसके बाद एनडीए कार्यालय में कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और खुशी का इजहार किया। इस दौरान एक-दूसरे को अबीर-गुलाल भी लगाए और जीत की बधाई दी।
स्थानीय लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं
श्रेयसी सिंह और एनडीए की जीत पर लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। रामबाबू प्रसाद गुप्ता ने कहा कि जमुई की जनता ने एनडीए सरकार के कार्यों पर विश्वास जताते हुए भारी समर्थन दिया है। मनीष कुमार ने कहा कि भाजपा की जीत से जमुई की जनता में उत्साह का माहौल है।
लायंस क्लब आफ जमुई के पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत केशरी ने कहा कि जितनी बड़ी जीत मिलती है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। उन्हें विश्वास है कि श्रेयसी सिंह जमुई की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगी। संतोष साव ने एनडीए की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए श्रेयसी सिंह को बधाई दी। मुन्ना रावत ने झाझा के जदयू प्रत्याशी दामोदर रावत की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें बधाई दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।