विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्यूशन पढ़ाकर की पढ़ाई और पहले ही प्रयास में क्रैक किया UGC NET; ब‍िहार की वैष्णवी ने 96 पर्सेंटाइल लाकर रचा इतिहास

Updated: Mon, 31 Aug 2026 09:38 AM (IST)

UGC NET Result:कटिहार के बरारी की वैष्णवी कुमारी ने पहले ही प्रयास में यूजीसी नेट हिंदी साहित्य परीक्षा 96.58 पर्सेंटाइल ...और पढ़ें

UGC NET Result:  यूजीसी नेट परीक्षा में 96.58 पर्सेंटाइल अंक हासिल करने वाली वैष्णवी कुमारी परिजनों के साथ

UGC NET Result:  यूजीसी नेट परीक्षा में 96.58 पर्सेंटाइल अंक हासिल करने वाली वैष्णवी कुमारी परिजनों के साथ

HighLights

  1. वैष्णवी ने पहले प्रयास में यूजीसी नेट पास किया।

  2. 96.58 पर्सेंटाइल अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान।

  3. आर्थिक तंगी के बावजूद ट्यूशन पढ़ाकर की पढ़ाई।

संवाद सूत्र, बरारी (कटिहार)। UGC NET Result: सच्ची लगन, अटूट आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के सामने आर्थिक तंगी कभी रुकावट नहीं बन सकती। इस बात को सच साबित कर दिखाया है नगर पंचायत बरारी के वार्ड संख्या-5 निवासी वैष्णवी कुमारी ने। वैष्णवी ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC NET) के हिंदी साहित्य विषय में 96.58 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे जिले व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

  • UGC NET Result: बरारी की वैष्णवी ने पहले ही प्रयास में पास की यूजीसी नेट परीक्षा, 96.58 पर्सेंटाइल अंक लाकर बढ़ाया मान

  • कटिहार के नगर पंचायत बरारी (वार्ड-5) निवासी वैष्णवी कुमारी ने यूजीसी नेट हिंदी साहित्य परीक्षा में 96.58 पर्सेंटाइल अंक किए हासिल

  • पहले ही प्रयास में मिली शानदार कामयाबी; कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद होम ट्यूशन पढ़ाकर निकाली पढ़ाई की राह

  • दर्शन साह महाविद्यालय (DS कॉलेज) कटिहार से पूरी की स्नातक व स्नातकोत्तर की पढ़ाई

  • सेल्फ स्टडी, नियमित मेहनत और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया अपनी सफलता का श्रेय; परिजनों में खुशी की लहर 

पारिवारिक आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं होने के बावजूद वैष्णवी ने कभी अपने हौसले को टूटने नहीं दिया। अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए उन्होंने बच्चों को होम ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया और साथ ही अपनी पढ़ाई जारी रखी। किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना उन्होंने पूरी तरह सेल्फ स्टडी और नियमित दिनचर्या के बल पर परीक्षा की गहन तैयारी की।

डीएस कॉलेज से पूरी की स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई

वैष्णवी ने बताया कि उन्होंने दर्शन साह महाविद्यालय (डीएस कॉलेज), कटिहार से हिंदी विषय में स्नातक (UG) और हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर (PG) की डिग्री पूरी की है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिजनों के निरंतर प्रोत्साहन, डीएस कॉलेज के प्राध्यापकों के सही मार्गदर्शन और अपनी निष्ठापूर्ण मेहनत को दिया है।

परिजनों व शुभचिंतकों में खुशी का माहौल

वैष्णवी की इस शानदार कामयाबी से उनके परिवार और आसपास के क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता पर पिता रामनाथ चौरसिया, माता नीलम देवी, भाई राज कुमार, चाचा कृष्ण कुमार चौरसिया, चाची रेणु कुमारी सहित सभी परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य की मंगलकामना की।

यूजीसी-नेट में करियर गाइडेंस सेंटर के दो छात्रों ने लहराया परचम

भागलपुर: बिहार सरकार के अधीन संचालित करियर गाइडेंस सेंटर के मार्गदर्शन में जून 2026 में आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा में दो छात्रों ने शानदार सफलता हासिल की है। सफल अभ्यर्थियों में मनोहर कुमार ने हिंदी साहित्य तथा चंद्रशेखर कुमार ने कंप्यूटर साइंस विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) उत्तीर्ण की है।

दोनों छात्रों ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय करियर गाइडेंस सेंटर के शिक्षकों, निदेशक और समस्त कर्मचारियों के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। छात्रों ने बताया कि सेंटर द्वारा उपलब्ध कराए गए विषयवार मार्गदर्शन, नियमित कक्षाओं, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और परीक्षा की सटीक रणनीतियों से उन्हें परीक्षा में काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि सेंटर ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया।