दिल्ली में भरभराकर ढही निर्माणाधीन इमारत: खगड़िया और सहरसा के 2 मजदूरों की मौत, 5 मलबे में दबे
दिल्ली के चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन इमारत ढहने से खगड़िया और सहरसा जिले के दो मजदूरों की मौत हो गई।

दिल्ली की घटना पर शोकाकुल परिजन। (जागरण)
HighLights
दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो मजदूरों की मौत।
खगड़िया और सहरसा जिले के मजदूर हुए हादसे का शिकार।
पांच अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने से खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड के बोबिल पंचायत अंतर्गत हनुमान नगर गांव के एक और सहरसा जिले के चौथम बासा के एक मजदूर की मौत हो गई।
हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं, जबकि बेलदौर के पांच अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मृतकों की पहचान हनुमान नगर गांव के संजीत राम (35) और सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के चौथम बासा निवासी किशोरी साह (45) के रूप में हुई है।
घायलों में हनुमान नगर के दीपक कुमार (25) और वृद्ध राजेंद्र मंडल शामिल हैं। मलबे में दबे होने की आशंका वाले मजदूरों में हनुमान नगर के संटून मुखिया (30), विपिन कुमार (36), दिनेश साह (45) और बेसी बासा के पंकज शर्मा के नाम सामने आए हैं। कुल पांच मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई गई है।
दर्जनों मजदूर गए थे दिल्ली
मृतक के चचेरे भाई और हनुमान नगर निवासी पप्पू राम ने बताया कि करीब तीन माह पहले भोर्रहा बासा के ठेकेदार मु. सउद लगभग एक दर्जन मजदूरों को मकान निर्माण के काम के लिए दिल्ली ले गए थे। दिल्ली में साथ काम कर रहे उनके चचेरे भाई रंजीत राम ने घटना की जानकारी दी है।
हादसे की खबर मिलते ही हनुमान नगर गांव में शोक छा गया। हनुमान नगर पैक्स अध्यक्ष मोहन साह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इमारत ढहने से हनुमान नगर और चौथम बासा के एक-एक मजदूर की मौत हुई है।
हनुमान नगर के दो मजदूर घायल हैं और गांव के पांच मजदूरों के दबे होने की आशंका है। युवा जदयू के बेलदौर प्रखंड अध्यक्ष ऋषभ कुमार ने जिला प्रशासन से मृतकों और घायलों के परिवारों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है। बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।