विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में आर्केस्ट्रा में गाना बदलने के लिए चली गोली, 18 वर्षीय युवक की गर्दन में लगी

Published: Mon, 02 Nov 2026 02:04 PM (IST)

Madhubani Orchestra Firing : मधुबनी में एक युवक को गले में गोली मारी गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई ...और पढ़ें

घायल युवक का चल रहा इलाज व घटना स्थल पर पहुंची पुलिस।

घायल युवक का चल रहा इलाज व घटना स्थल पर पहुंची पुलिस।

HighLights

  1. मधुबनी में युवक को गले में गोली लगी।

  2. पसटन गांव निवासी शिवम साहू गंभीर रूप से घायल।

  3. सदर अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, अंधराठाढ़ी (मधुबनी)। महादेव मंदिर परिसर में आर्केस्ट्रा की धुन गूंज रही थी। लोग कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे, तभी गाना बदलने को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चल गई। गोली लगने से 18 वर्षीय युवक शिवम कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और गनौली गांव में दहशत फैल गई।

गाना बदलने को लेकर हुआ विवाद

घटना अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के गनौली गांव स्थित महादेव मंदिर परिसर की है। रविवार की देर रात यहां आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

महादेव पूजा का आयोजन दो दिन पहले ही संपन्न हुआ था। इसके बाद मनोरंजन के लिए कार्यक्रम रखा गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गाना बदलने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

डीजे संचालक को निशाना बनाने की चर्चा

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोली डीजे संचालक को निशाना बनाकर चलाई गई थी। इसी दौरान गोली शिवम कुमार को लग गई। हालांकि, घटना के कारणों और गोली चलाने वाले की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जख्मी युवक की पहचान गनौली गांव निवासी सरवन कुमार साहू के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है।

अंधराठाढ़ी से डीएमसीएच किया गया रेफर

गोली लगने के बाद स्थानीय लोग युवक को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल अंधराठाढ़ी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया। फिलहाल युवक का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

मौके पर पहुंचे एसडीपीओ, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर घटना से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पिछले साल भी हुई थी मारपीट की घटना

गोलीबारी के बाद गनौली गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जाता है कि पिछले वर्ष भी महादेव मंदिर परिसर में मारपीट की घटना हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

 यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट: 1 की मौत और 4 घायल, खाली कराया गया इलाका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।