मुजफ्फरपुर में धनतेरस पर बदला ट्रैफिक रूट, मोतीझील ओवरब्रिज पर पार्किंग की तो लगेगा जुर्माना
Muzaffarpur Dhanteras Traffic Route: धनतेरस पर मुजफ्फरपुर में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए नया ट्रैफिक प्लान ...और पढ़ें

शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए कई रूट्स में बदलाव किया गया है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Traffic Plan: धनतेरस के अवसर पर शहर में होने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।
त्यौहार के दौरान ग्रामीण और शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। इसके अलावा नए वाहनों की खरीदारी के बाद लोग बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा कराने भी जाते हैं। इस कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए कई रूट्स में बदलाव किया गया है।
इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक माखन साह चौक और पुरानी बाजार की ओर से कोई भी चारपहिया या तीनपहिया वाहन गरीबनाथ मंदिर की तरफ नहीं जा सकेगा।
पूजा के लिए मंदिर जाने वाले वाहनों का प्रवेश गांधी चौक और सुधा डेयरी होकर ही होगा। इसके अलावा महिला थाना की तरफ से किसी भी ऑटो या चारपहिया वाहन को टावर चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
मोतीझील फ्लाई ओवर पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह वर्जित रहेगी और उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
पार्किंग के लिए विशेष स्थान
यातायात को सुगम बनाने के लिए डीएन हाईस्कूल और बीबी कॉलेजिएट परिसर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में वन-वे व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। हालांकि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को आवश्यकतानुसार छूट दी जाएगी।
संबंधित थानों की पुलिस और ट्रैफिक जवानों को सभी प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।
यह रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
- चारपहिया वाहन, तीनपहिया वाहन जो पूजा करने के लिए गरीब नाथ मंदिर की तरफ जाएंगे, उनका प्रवेश गांधी चौक, सुधा डेयरी होते हुए होगा।
- माखन साह चौक, पुरानी बाजार की तरफ से कोई भी चारपहिया वाहन, तीनपहिया वाहन गरीब नाथ मंदिर की तरफ नहीं जाएंगे।
- महिला थाना से कोई भी आटो, चारपहिया वाहन टावर चौक की तरफ नहीं जायेगी।
- मोतीझील फ्लाई ओवर पर कोई भी वाहन का पड़ाव वर्जित रहेगा
- इसके अतिरिक्त पूर्व से जिस सड़कों पर वन-वे आदि लागू है, वे यथावत लागू रहेंगे।