मुजफ्फरपुर में शिक्षकों का तबादला, किसी को मिला मनचाहा स्कूल तो किसी को जाना होगा दूसरे विद्यालय
मुजफ्फरपुर जिले में 1513 शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है, जिसमें 1261 सरप्लस और 252 म्यूचुअल तबादले शामिल हैं।

मुजफ्फरपुर जिले में 1513 शिक्षकों का हुआ स्थानांतरण। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
मुजफ्फरपुर में 1513 शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी।
1261 सरप्लस और 252 म्यूचुअल तबादले स्वीकृत किए गए।
स्थानांतरण पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले 1513 शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
जिले में 1261 शिक्षकों का सरप्लस और 252 शिक्षकों का म्यूचुअल स्थानांतरण किया गया है। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद स्थानांतरण पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। अब संबंधित शिक्षक घर बैठे अपना तबादला पत्र देख सकेंगे।
2863 शिक्षकों ने किया था आवेदन
जिले के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। कुल 2863 शिक्षकों ने इसके लिए आवेदन दिया था। इसके बाद जिला स्तरीय स्थापना समिति की ओर से 1263 शिक्षकों का प्रोविजनल स्थानांतरण किया गया था।
आपत्तियों के बाद 1261 का तबादला फाइनल
प्रोविजनल सूची जारी होने के बाद प्राप्त आपत्तियों और निर्धारित प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इसके बाद अंतिम रूप से 1261 शिक्षकों के सरप्लस स्थानांतरण पर मुहर लगी। वहीं, 252 शिक्षकों का म्यूचुअल स्थानांतरण भी स्वीकृत किया गया है।
ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर देखें पत्र
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने बताया कि विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद स्थानांतरण पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। संबंधित शिक्षक पोर्टल पर जाकर अपना स्थानांतरण पत्र देख सकते हैं।