बिहार में गरीबों के पक्के मकान का रास्ता साफ, 1400 करोड़ रुपये मंजूर; पांच जिलों में खुलेंगे अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर
बिहार मंत्रिमंडल ने ग्रामीण आवास योजना के लिए 1400 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिससे आवासहीन परिवारों को पक्के मकान ...और पढ़ें

1400 करोड़ से ग्रामीण आवास योजना को मिलेगी रफ्तार
HighLights
ग्रामीण आवास योजना के लिए 1400 करोड़ रुपये मंजूर।
पांच जिलों में खुलेंगे अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र।
छात्राओं के लिए पीएचडी फेलोशिप योजना शुरू होगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन परिवारों के लिए पक्के मकान का सपना पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए 1400 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। यह राशि बिहार आकस्मिकता निधि से उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। बैठक में कुल 32 प्रस्तावों पर मुहर लगी।
1400 करोड़ से ग्रामीण आवास योजना को मिलेगी रफ्तार
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 1399.6028 करोड़ रुपये की अग्रिम निकासी को मंजूरी दी गई है।
इसमें केंद्रांश के रूप में 450.1554 करोड़ और राज्यांश के रूप में 949.4474 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस राशि से योजना के तहत पहले से स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य को गति मिलेगी। साथ ही लाभुकों को पक्का मकान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पांच जिलों में खुलेंगे अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र
राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप दक्ष बनाने के लिए पांच जिलों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्था
पित किए जाएंगे। रोहतास, मुंगेर, पटना, पूर्णिया और मधुबनी के सरकारी आइटीआइ में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सीआइआइआइटी (सेंटर फॉर इनवेंशन, इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड ट्रेनिंग) की स्थापना होगी।
इस परियोजना पर 1174.81 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण देने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
हाजीपुर में बनेगा नया बस स्टैंड, 44.52 करोड़ मंजूर
कैबिनेट ने हाजीपुर बस स्टैंड के निर्माण के लिए हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग के किनारे चिह्नित 9.73 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इसके लिए 44.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
आपदा से निपटने के लिए बनेगा नया कोष
मंत्रिमंडल ने 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक राज्य आपदा रिस्पांस कोष (एसडीआरएफ) के गठन को मंजूरी दी है।
अगले आदेश तक भी यह व्यवस्था जारी रहेगी। इस कोष में केंद्र और राज्य सरकार का अंशदान 75:25 के अनुपात में रहेगा। इसके अतिरिक्त राज्य आपदा प्रशमन कोष (एसडीएमएफ) का भी गठन किया जाएगा।
बिहार की 59 जेलों में लगेंगे 159 कॉलिंग कियोस्क
राज्य की 59 काराओं में प्रिजन कॉलिंग सॉल्युशन के तहत 159 कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था पांच वर्षों के लिए होगी। इसके लिए बीएसएनएल को आठ करोड़ 85 लाख 20 हजार रुपये देने की स्वीकृति दी गई है। इससे जेलों में बंद कैदियों के लिए निर्धारित व्यवस्था के तहत फोन कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अंतर्देशीय जलयानों के संचालन के लिए नए नियम
राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार अंतर्देशीय जलयान नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य राज्य के अंतर्देशीय जलक्षेत्र में जलयानों के सुरक्षित संचालन, पर्यवेक्षण और नियंत्रण की व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही जल परिवहन के दौरान पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
दिल्ली में खुलेगा स्थानिक आयुक्त कार्यालय का संपर्क कार्यालय
नई दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय में संपर्क कार्यालय खोलने की अनुमति दी गई है। इससे दिल्ली में राज्य से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और समन्वय संबंधी कार्यों को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
छात्राओं को पीएचडी के लिए मिलेगी फेलोशिप
उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना शुरू की जाएगी। मंत्रिमंडल ने इस योजना को चार वित्तीय वर्षों 2026-27 से 2029-30 तक लागू करने की स्वीकृति दी है।
इसके क्रियान्वयन के लिए 126 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। योजना का उद्देश्य छात्राओं को शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह भी पढ़ें- अब बिहार में मकान बनाना होगा आसान, छोटी जमीन पर भी बनाइए बड़ा मकान; नए बिल्डिंग बायलाज को मंजूरी
यह भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट में 31 एजेंडों पर लगी मुहर, कर्मचारियों का DA बढ़ा; छात्राओं को स्टार्टअप के लिए मिलेंगे 88.20 करोड़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।