बिहार बोर्ड के छात्रों के लिए खुशखबरी: अब शाम 5 बजे से पढ़ाएंगे पूर्व IAS अधिकारी, AI की भी लगेगी स्पेशल क्लास
बिहार में 17 नवंबर से नौवीं से बारहवीं कक्षा के कमजोर छात्रों के लिए निःशुल्क सांध्यकालीन कक्षाएं 'संकल्प संध्या' शुरू ...और पढ़ें

बिहार में नौवीं से 12वीं के कमजोर बच्चों के लिए चलेंगी सांध्यकालीन कक्षाएं (AI Generated Image)
HighLights
17 नवंबर से नौवीं से बारहवीं के लिए निःशुल्क कक्षाएं।
'संकल्प संध्या' नाम से चलेंगी ये सांध्यकालीन कक्षाएं।
होमवर्क और परीक्षा तैयारी पर रहेगा विशेष जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में नौवीं से 12वीं कक्षा के कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए सभी जिला मुख्यालयों में 17 नवंबर से निःशुल्क सांध्यकालीन कक्षाएं चलेंगी। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को होमवर्क पूरा कराने के साथ परीक्षा की तैयारी भी करायी जाएगी।
हर जिले में अधिकतम तीन विद्यालयों में ढाई घंटे की सांध्यकालीन कक्षाएं चलेंगी। कमजोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा यह सार्थक पहल शुरू की जा रहीं है।
इसके तहत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में 17 नवम्बर से सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू होंगी। इन्हें संकल्प संध्या नाम दिया गया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश के आलोक में इसका लाभ सरकारी विद्यालयों में कक्षा नौवीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा। विशेष रूप से कमजोर एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं पर ध्यान दिया जाएगा।
इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को होमवर्क पूरा कराने के साथ परीक्षा की तैयारी भी करायी जाएगी। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बताया कि संकल्प संध्या का संचालन अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा।
हर जिला मुख्यालय में कम-से-कम एक और अधिकतम तीन सरकारी विद्यालयों में कक्षाएं चलेंगी। स्कूलों के चयन की सूची सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर विभाग को उपलब्ध करानी होगी। कक्षाओं का समय शाम पांच बजे से 7.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
सरकारी शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त अधिकारी भी स्वैच्छिक आधार पर पढ़ा सकेंगे। इसके लिए 70 वर्ष से कम आयु के इच्छुक सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस और अन्य सरकारी सेवाओं के अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी से अस्थायी अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।
वे विद्यांजलि ऐप के माध्यम से भी पंजीकरण करा सकते हैं। इस कार्य के लिए कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा। संकल्प संध्या का संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी की देखरेख में होगा। जिला पदाधिकारी उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।
यह भी पढ़ें- बिहार के शिक्षकों को एक माह के लिए नहीं मिलेंगे 2 माह के वेतन भत्ते, गड़बड़ी रोकने की सख्त तैयारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।