Bihar Phase 1 Voting Live : बिहार में हुआ 47.74 प्रतिशत मतदान, सीटों के हिसाब से जानें वोटिंग प्रतिशत
Bihar Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates : बिहार में आज 4 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। जमुई, गया, औरंगाबाद और नवादा में मतदान केंद्र पर लंबी कतार देखने को मिली। इन सीटों पर 5000 से अधिक बूथ संवेदनशील रहे। सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस रही। इन 4 सीटों पर 38 प्रत्याशी मैदान में हैं।

Bihar Lok Sabha Election 2024 Voting LIVE : जमुई में जहां चिराग पासवान की पार्टी से उनके जीजा अरुण भारती तो उनके सामने आरजेडी से अर्चना रविदास हैं। वहीं, गया में एनडीए की तरफ से जीतन राम मांझी तो उनके खिलाफ आरजेडी के कुमार सर्वजीत हैं। इसके अलावा, नवादा से भाजपा के विवेक ठाकुर तो आरजेडी के श्रवण कुशवाहा मैदान में हैं। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी विनोद यादव भी यहां से ताल ठोक रहे हैं। औरंगाबाद की बात करें तो यहां से बीजेपी के सुशील सिंह और लालू यादव के अभय कुशवाहा में भिड़ंत होने वाली है। इसके अलावा और भी निर्दलीय प्रत्याशी हैं। जागरण डॉट कॉम पर पढ़िए चुनाव से जुड़ा अपडेट...
बिहार में मतदान समाप्त हो चुका है। बिहार में 4 सीटों पर 47.74 प्रतिशत मतदान हुआ है। औरंगाबाद में 51.56 प्रतिशत वोटिंग हुई। गया में 49.51 प्रतिशत वोटिंग हुई। जमुई में 47.09 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, नवादा में 43.21 प्रतिशत वोटिंग हुई।
बिहार में लगातार मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक बिहार में 46.32 प्रतिशत वोटिंग हुई। औरंगाबाद में 49.95 फीसदी मतदान हुआ। गया में 48.54 प्रतिशत वोटिंग हुई। शाम पांच बजे तक जमुई में 47.09 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं, नवादा में 40.20 प्रतिशत मतदान हुआ।

नवादा के देव प्रखण्ड के नक्सल प्रभावित पहाड़ों की तराई में खैरा बूथ पर वोट देने के लिए कतार में खड़े मतदाता जिसमें इपिक दिखाते युवतियां पहली बार वोट दे रही हैं।
Bihar Voting Precentage: बिहार में मतदान लगातार जारी है। चुनाव आयोग ने चारों सीट के लिए दोपहर 3 बजे तक का वोटिंग प्रतिशत जारी किया है। औरंगाबाद में 42.68 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं गया में 40.28 फीसदी मतदान हुआ है। जमुई में 40.39 फीसदी मतदान हुआ है। नवादा में 35.85 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं चारों सीटों के लिए औसत वोटिंग 39.73 फीसदी हुई है।
Nawada Voting: नवादा लोकसभा क्षेत्र के 236 हिसुआ विधानसभा में मतदान केन्द्र संख्या 57 माध्यमिक विद्यालय हिसुआ, पश्चिमी भाग पर वीवी पैट मशीन खराब होने से मतदान रुका।
Jamui Voting: मुंगेर जिले का तारापुर विधानसभा क्षेत्र जमुई लोकसभा क्षेत्र में है। पहले चरण में यहां मतदान शुक्रवार को शुरू हुआ। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का घर भी तारापुर में है। उन्होंने भी मतदान किया। इसी विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 258 है। यहां दोपहर 12.30 तक इवीएम से बीप की आवाज नहीं निकली। मतदान केंद्र संख्या 258 प्राथमिक विद्यालय गायघाट पर दोपहर 12:30 बजे तक एक भी वोट नहीं पड़ा।
Bihar Voting Precentage: बिहार में दोपहर 1 बजे तक औरंगाबाद में 33.99 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, गया में 34.38 फीसदी मतदान हुआ है। जमुई में 34.43 फीसदी मतदान हुआ है। नवादा में 27.24 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं बिहार की 4 सीटों का औसतन मतदान 1 बजे तक 32.41 फीसदी हुआ है।
Aurangabad Voting: औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 97 पर हंगामा मच गया। यहां कई लोगों ने वोट का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद अचानक डीएम श्रीकांत शास्त्री,एसपी स्वपना गौतम मेश्राम मौके पर पहुंची और लोगों का समझाने का प्रयास किया।

औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में दिव्यांग मतदाता को मतदान के लिए ले जाते पुलिसकर्मी
Samrat Chaudhary Voting: जमुई के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लखनपुर बूथ पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वोट कर निकले।

Gaya Voting: गया में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार साइकिल से मतदान करने पहुंचे थे।

Gaya Voting: गया संसदीय क्षेत्र के गया कॉलेज मतदान केंद्र पर जिलाधिकारी डॉक्टर त्याग राजन और उनकी पत्नी ने मतदान किया।

Bihar Voting Precentage: सुबह 11 बजे तक बिहार की नवादा सीट पर 17.65 फीसदी मतदान हुआ है। जमुई में 19.33 फीसदी मतदान हुआ है। गया में 14.50 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, औरंगाबाद में 15.04 फीसदी मतदान हुआ है।
Aurangabad Voting: औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 226 बेढ़नी पर एक मतदाता को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। मतदान केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मी से मतदाता पहचान पत्र मांगने पर उलझ गया। वह अपने आप को बिहार पुलिस का जवान बता रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेते हुए देव थाना भेज दिया है।

औरंगाबाद के जिला परिषद स्थित बूथ संख्या 183 मतदान केंद्र पर मतदान कर बाहर निकले सांसद सह बीजेपी प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह।

Jamui Voting: शेखपुरा में ससुराल की चौखट पर कदम रखने से पूर्व नवदंपती ने पहला कदम मतदान केंद्र पर रखा। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी जिम्मेवारी का निवर्हन करते हुए जमुई लोकसभा के शेखपुरा विधान सभा शेखपुरा के मतदान केंद्र संख्या 66 पर एक नवविवाहिता सुष्मिता कुमारी ने शादी के मंडप से निकलकर सीधे अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। सुष्मिता ने कहा कि लोकतंत्र इस महापर्व में हिस्सा लेना हमसब का कर्तव्य है। इसलिए शादी के बाद पहला काम बूथ पर मतदान करने के रूप में किया।
Gaya Voting News: गया जिले के में दो संसदीय क्षेत्र गया और औरंगाबाद में मतदान की प्रक्रिया चल रही है। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए गया जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बलों के तैनाती की गई है। गया के एसएसपी आशीष भारती अपने मताधिकार के प्रयोग करने के लिए गया कॉलेज मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं।
उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। मताधिकार प्रयोग करने के बाद एसएसपी ने बताया कि गया जिले के नौ विधानसभा यानी गया और औरंगाबाद में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है हमारा जो सीमावर्ती क्षेत्र है जो झारखंड से सटा हुआ है उसे सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Nawada, Aurangabad, Gaya Voting Precentage: लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत बिहार के तीन लोकसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। औरंगाबाद, गया व नवादा लोकसभा क्षेत्र में सुबह से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। औरंगाबाद में सुबह नौ बजे तक 11.25 प्रतिशत, जमुई में 9.80 प्रतिशत मतदान, गया में 9. 45 प्रतिशत मतदान, नवादा में 6.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
नवादा लोकसभा में पहले दो घंटे में करीब 6.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार को प्रयोग किया है। नवादा में विधानसभा में 7.4, रजौली में 6.8, हिसुआ में 7.00, वारिसलीगंज में 6.9, गोविंदपुर में 7.6, बरबीघा विधानसभा में 6.8 प्रतिशत वोटरों ने मतदान किया है। मतदान प्रतिशत विलंब से मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
Nawada Voting: नवादा जिला के पकरीबरावां के राजेविघा गांव में बूथ पर सिपाही के राइफल चोरी होने की बात सामने आ रही है। मतदान केंद्र के करीब 200 मीटर की दूरी पर बारात ठहरी हुई थी। पोलिंग पार्टी के साथ पांच सुरक्षा बल गए हुए थे। जिसमें एक उत्तम कुमार सिपाही जिसकी राइफल रात को ही किसी ने चुरा ली।
आरोप है कि बरात में आए किसी शख्स ने राइफल चोरी की है। अभी तक राइफल बरामद नहीं हुई है। उत्तम कुमार के द्वारा पकरीबरावां थाना में प्राथमिक के लिए आवेदन दिया गया है। वही इस घटना में पुलिस ने बाराती के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
Jamui Voting Live: जमुई लोकसभा क्षेत्र के तारापुर विधानसभा क्षेत्र बूथ संख्या 121 मध्य विद्यालय लौना परसा पर जेडीयू के विधायक राजीव कुमार सिंह ने मतदान किया।

Gaya Voting Live: गया में वसुंधरा बूथ की शानदार तस्वीर सामने आई है। बूथ को शानदार तरीके से सजाया गया है।

औरंगाबाद में बूथ संख्या 158 पर गोद में बच्चे को लेकर अल्पसंख्यक महिलाएं मतदान करने पहुंचीं।

गया संसदीय क्षेत्र के शहरी विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 120 को इको फ्रेंडली बनाते हुए वसुंधरा मतदान केंद्र बनाया गया है। जहां चारों तरफ हरियाली ही हरियाली दिख रही है। इस मतदान केंद्र की विशेषता यह है कि मतदान और मतदाता को प्रोत्साहित करने के लिए सभी स्थानों पर वोट करेगा हमारा गया लगाया गया है, सुरक्षा के भी अच्छे प्रबंध किए गए हैं। जिन मतदाताओं के साथ नन्हे मुन्ने बच्चे आ रहे हैं उनके लिए किड्स जोन भी बना है जहां बच्चे किड्स जोन में आनंद ले रहे हैं।
गर्मी की तपिश बढ़ी हुई है फिर भी मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कई मतदान केदो पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। मतदान समय पर शुरू करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी जिला पदाधिकारी डॉक्टर त्याग राजन एस एम और गया संसदीय क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक वी गुरु कर स्वयं मौजूद रहे। वे हर मतदान केंद्र और विधानसभा क्षेत्र की खुद मॉनिटरिंग कर रहे थे।

Gaya Voting Live: गया जिला के गुरुआ प्रखंड क्षेत्र के 288 बूथ संख्या प्लस टू प्रोजेक्ट इंदिरा गांधी कन्या उच्च विद्यालय में वोटरों की लंबी कतार लगी हुई है। वोटर्स में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।

औरंगाबाद लोकसभा सभा क्षेत्र के औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 159 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी है। तस्वीरें भी सामने आ रही हैं।
नवादा में मतदान संबंधी समस्याएं और शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। विधानसभावार दूरभाष नंबर जारी किया गया है।
विधानसभा क्षेत्र दूरभाष नंबर रजौली 06324-210040, हिसुआ 06324-210042, नवादा 06324-210043, गोविंदपुर 06324-210045, वारिसलीगंज 06324-210046
महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के दूरभाष नंबर
विधानसभा क्षेत्र सहायक निर्वाची पदाधिकारी रजौली अनुमंडल पदाधिकारी,रजौली- 9473191259, हिसुआ अपर समाहर्ता, नवादा- 9473191257, नवादा अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर-9473191258 गोविन्दपुर उप विकास आयुक्त, नवादा- 9431818353, वारिसलीगंज भूमि सुधार उप समाहर्ता, नवादा सदर- 8544412359, जिला दंडाधिकारी सह जिला निर्वाची पदाधिकारी- 9473191256,
Gaya Voting Live: जिला नियंत्रण कक्ष-- 0631- 2222259, 2222253, 2222309, 2222310 टाल फ्री नंबर- 1950 सामान्य चुनाव प्रेक्षक--0631-- 2222262, 8987211441 पुलिस प्रेक्षक-- 0631-- 2222230, 8987211452 डीएम-- 9473191244 एसएसपी-- 9431822973 सिटी एसपी- 9473191722 सिटी डीएसपी नगर-- 9431800110 एसडीओ सदर--9473191246 दैनिक जागरण-- 9931971124 कोतवाली-- 9431822198 सिविल लाइन्स-- 9431822199 मुफस्सिल-- 9431822201 बुनियादगंज-- 9431822202 रामपुर-- 9431822220 मेडिकल थाना- 9431822222 चंदौती- 9431822207 डेल्हा-- 9431822219

Aurangabad Voting: औरंगाबाद में भी मतदान शुरू हो गया है। यहां भी मतदाता की लंबी लाइन लगी है। मतदांकेंद्र पर मतदान कर्मी और पुलिस बल काम में जुटे हुए हैं।

नवादा के सिंगर खास विद्यालय में मतदाता जुटने लगे हैं। सुबह से ही लंबी कतार लगने लगी है।

नवादा के कई मतदान केंद्र पर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जगहों से तस्वीरें सामने आ रही हैं।
Jamui Voting: जमुई लोकसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार और चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती ने मतदान शुरू होने के साथ ही पूजा-अर्चना की।
बिहार की चार सीट जमुई, गया, नवादा और औरंगाबाद में मतदान शुरू हो गया है। वोटर्स का मतदान केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।

नवादा प्रखंड कार्यालय पर पिंक बूथ बनाया गया है। यहां महिला कर्मियों की उपस्थिति है। यहां कुल 978 मतदाता मैदान में हैं।
Nawada Voting Live : नवादा में मतदान को लेकर सुबह से ही सभी मतदान केंद्रों पर कर्मियों की सक्रियता बढ़ गई है। नवादा नगर मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में तीन मतदान केंद्र बूथ संख्या 260, 261 बनाए गए हैं। इसी परिसर में बूथ संख्या 259 पिंक बूथ के रूप में विशेष तौर से महिलाओं के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। इन तीनों मतदान केंद्रों पर महिला कर्मी से लेकर सभी पुलिस पुरुष कर्मी और पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। कुछ ही देर में सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोल शुरू हो जाएगा। पोलिंग एजेंट का आना शुरू हो गया है। मॉक पोल के तहत सभी बूथों पर कम से कम 50-50 मत देकर देखना है। इसके बाद 7:00 बजे से वास्तविक मतदान प्रारंभ हो जाएगा।
लोकसभा चुनाव को लेकर सीईओ कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका नंबर 0612-2217601 और 0612-2217602 है। फैक्स नंबर 0612-2217597 है। मुख्यालय स्तर पर गठित कोषांग में प्रतिवेदन कोषांग, ई-मेल व फैक्स कोषांग, लाइव वेबकास्टिंग कोषांग, ईवीएम व वीवीपैट कोषांग, एसएमएस पोल मानीटरिंग व सीविजिल कोषांग और मीडिया कोषांग सम्मिलित है।
पहले चरण के मतदान में कुल 9484 बैलेट यूनिट, 9484 कंट्रोल यूनिट एवं 10274 वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। आयोग ने औसतन 962 मतदाताओं को एक बूथ पर वोटिंग करने की व्यवस्था की है। प्रदेश के चार लोकसभा क्षेत्रों में शहरी क्षेत्र में 1085 व दो अतिरिक्त बूथ बनाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 6816 बूथ स्थापित किए गए हैं।
अगर पहचान पत्र घर में छूट जाए या फिर नहीं है तो परेशान मत होना। चुनाव आयोग ने इसके अलावा, एक दर्जन फोटो युक्त अन्य सरकारी दस्तावेज के आधार वोट देने मंजूरी दी है। हालांकि, संबंधित मतदाता का नाम उक्त बूथ के सूची में नाम का होना जरूरी है।
इन दस्तावेजों से कर सकते हैं मतदान
- आधार कार्ड
- मनरेगा जॉब कार्ड
- बैंक या डॉकघर की फोटोयुक्त पासबुक
- श्रम मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पैन कार्ड
- स्मार्ट कार्ड
- भारतीय पासपोर्ट
- फोटो के साथ पेंशन दस्तावेज
- केंद्र या राज्य सरकारों या पीएसयू द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा आई कार्ड
- सांसदों, विधायकों और एमएलसी को जारी आधिकारिक पहचान पत्र
- सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा जारी दिव्यांग आई कार्ड
गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि मतदाता को पर्ची के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे अपने मोबाइल पर भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से मतदान एप डाउनलोड कर सकते हैं और फिर जिला और संसदीय क्षेत्र में जा सकते हैं। वहां से उन्हें अपने वार्ड और मोहल्ले के बाद बूथ नंबर पता चल जाएगा। उसमें मतदान केन्द्र पहुंचने का मार्ग भी बताया जाएगा। डॉ. त्यागराजन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान का प्रयोग करें।
नवादा संसदीय क्षेत्र के 20,06,124 वोटर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनावी मैदान में आठ प्रत्याशी हैं। वहीं, भाजपा के विवेक ठाकुर और राजद के श्रवण कुमार में महामुकाबला है। हालांकि, निर्दलीय प्रत्याशी गुंजन कुमार और बिनोद यादव इनके जातीय वोट बैंक में सेंधमारी कर सकते हैं।
मतदाता जागरूकता का संदेश देने के लिए शुक्रवार को फिट टू मूव, फिट टू वोट मैराथन का आयोजन किया गया है। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में बैठक की गई। इसमें बताया गया कि गांधी मैदान के गेट नंबर एक से सुबह छह बजे हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया जाएगा। प्रतिभागी जेपी गंगा पथ पर दौड़ेंगे। दौड़ दो श्रेणी में होगी। एक तीन किलोमीटर का फन रन और दूसरा पांच किलोमीटर का मैराथन। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

औरंगाबाद जिले में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को गांधी मैदान और सच्चिदानंद सिन्हा कालेज में गहमा गहमी का माहौल रहा। दोनों जगहों से मतदानकर्मी ईवीएम लेकर मतदान केंद्र के लिए रवाना होते रहे। सुबह से ही ईवीएम प्राप्त करने के लिए मतदानकर्मी यहां पहुंच गए थे। मतदानकर्मी अपने साथ टैग किए गए सुरक्षाबलों के साथ ईवीएम प्राप्त कर वाहन से मतदान केंद्र के लिए रवाना हुए। गांधी मैदान में कुटुंबा और सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज से औरंगाबाद और रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों ने ईवीएम प्राप्त किया।
औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव को लेकर लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,040 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुल 18,69,727 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
Bihar Voting Live : बिहार की चार सीटों पर चुनाव के लिए कुल 7903 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 76 लाख 1 हजार 629 मतदाता वोटिंग करेंगे। इनमें 39,63,223 पुरुष, 36,38,151 महिला और 255 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। इस चरण में 92602 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे

Gaya Voting : गया जिले के औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र अंतर्गत छकरबंधा के अति संवेदनशील और नक्सली क्षेत्र में स्थापित मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम एवं पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि गया जिले के छकरबंधा पहाड़ी पर कुल छह बूथ हैं। जहां मतदान कर्मियों को गया एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचाया गया है। मतदान कर्मियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के हेलीकॉप्टर से मतदान केंद्र पहुंचने पर मतदान कर्मी भी उत्साहित हैं। बता दें कि 19 अप्रैल को गया और औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र में मतदान होना है, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुबह 7:00 बजे से 4:00 बजे तक मतदान करने का समय निर्धारित है।
