विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC AEDO के पुराने आवेदन बेकार, एक दिसंबर से फिर भरना होगा फॉर्म; फीस भी नहीं होगी वापस

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:35 PM (IST)

बीपीएससी सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती के पुराने आवेदन रद्द कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को 1 दिसंबर 2026 से नए सिरे से आवेदन करना होगा और पुरानी फीस भी वापस नहीं मिलेगी।

पुराना आवेदन रद, अभ्यर्थियों को फिर करनी होगी पूरी प्रक्रिया

पुराना आवेदन रद, अभ्यर्थियों को फिर करनी होगी पूरी प्रक्रिया

HighLights

  1. पुराने एईडीओ आवेदन रद्द, नए सिरे से करें अप्लाई।

  2. 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया।

  3. पूर्व जमा परीक्षा शुल्क वापस नहीं मिलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों को एक बार फिर आवेदन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। आयोग ने 935 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इसके तहत एक दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। खास बात यह है कि पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी दोबारा फॉर्म भरना होगा। पुराने आवेदन को नई भर्ती प्रक्रिया में मान्य नहीं किया जाएगा।

पुराना आवेदन रद, अभ्यर्थियों को फिर करनी होगी पूरी प्रक्रिया

कदाचार के आरोपों के कारण आयोग ने इसी वर्ष एक मई को एईडीओ की परीक्षा रद कर दी थी। इससे पहले 14 से 21 अप्रैल 2026 तक नौ पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी।

आयोग ने अब नई अधिसूचना जारी कर पूर्व में 22 अगस्त 2025 को जारी विज्ञापन को भी रद कर दिया है। ऐसे में पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

पुरानी फीस भी नहीं मिलेगी वापस

नई भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के लिए सबसे अहम बात यह है कि पूर्व में जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। नए सिरे से आवेदन करने के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान भी करना होगा। यानी पुराने आवेदन और फीस के आधार पर नई प्रक्रिया में शामिल होने की सुविधा नहीं मिलेगी।

एक दिसंबर से आवेदन, 31 तक भर सकेंगे फॉर्म

आयोग की नई समय-सारिणी के अनुसार एक दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 रखी गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर दोनों प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।

935 पदों पर होगी नियुक्ति, आरक्षित वर्गों का भी तय है कोटा

कुल 935 पदों में अनारक्षित वर्ग के 374, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 93, अनुसूचित जाति के 150 और अनुसूचित जनजाति के 10 पद शामिल हैं। इसके अलावा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 168, पिछड़ा वर्ग के 112 और पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए 28 पद निर्धारित किए गए हैं।

वर्गवार निर्धारित की गई अधिकतम उम्र सीमा

अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु एक अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा के लिए आयोग ने अलग-अलग वर्गों के अनुसार कटऑफ तिथि निर्धारित की है।

एक अगस्त 2025 को अनारक्षित पुरुष अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 37 वर्ष, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष एवं महिला तथा अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों की 40 वर्ष निर्धारित है। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष है।

आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन जरूर पढ़ें

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें। आवेदन में किसी तरह की त्रुटि से बचने के लिए पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी पहले ही सुनिश्चित कर लें।

यह भी पढ़ें- ‍BPSC AEDO Vacancy: बिहार सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती का नया विज्ञापन जारी, इस तारीख से भरें ऑनलाइन फॉर्म

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।