BPSC TRE 4 के 32,388 पदों पर 25 सितंबर से आवेदन, 26 अक्टूबर तक शुल्क जमा करने का मौका
Bihar teacher recruitment बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए BPSC TRE 4 के ऑनलाइन आवेदन ...और पढ़ें

25 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
HighLights
BPSC TRE 4 के ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर 2026 से शुरू।
आवेदन और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026।
बिहार में शिक्षक भर्ती के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar teacher recruitment बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के लिए आवेदन प्रक्रिया की अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी।
आयोग के अनुसार 32 हजार 388 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट ww.bpsc.biharegov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
25 अक्टूबर तक आवेदन का मौका
आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन का लिंक 25 सितंबर से 25 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा।
शुल्क का भुगतान नहीं होने की स्थिति में आवेदन को पूर्ण नहीं माना जाएगा और आवेदन अस्वीकृत किया जा सकता है।
26 अक्टूबर तक जमा होगा शुल्क
ऑनलाइन शुल्क भुगतान के लिए लिंक 26 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क का भुगतान होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन और शुल्क भुगतान पूरा करने की सलाह दी गई है।
प्राथमिक में 3,847 पद चिह्नित
आयोग की ओर से जारी विवरण के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में 3,847 पद, मध्य विद्यालय में 8,563 पद, माध्यमिक विद्यालय में 3,877 पद और उच्च माध्यमिक विद्यालय में 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह चारों स्तरों पर कुल 32,388 पदों पर भर्ती की जाएगी।
विषयवार रिक्तियों का विवरण वेबसाइट पर
आयोग की वेबसाइट पर विषयवार रिक्तियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले अपने विषय और संबंधित विद्यालय स्तर की रिक्तियों की जानकारी देख सकेंगे। इससे उन्हें आवेदन के दौरान संबंधित पद का चयन करने में सुविधा होगी।
कई विषयों की रिक्तियां बाद में होंगी जारी
माध्यमिक विद्यालय अध्यापक के लिए बांग्ला, ललितकला, नृत्य, मैथिली, विशेष विद्यालय अध्यापक, अरबी और फारसी विषयों की रिक्तियों का विवरण अभी प्राप्त नहीं हुआ है।
वहीं उच्च माध्यमिक स्तर पर बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी विषयों की रिक्तियों की जानकारी भी बाद में जारी की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग से सूचना का इंतजार
आयोग के अनुसार इन विषयों की रिक्तियों से संबंधित जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित विषयों में पदों की संख्या और अन्य विवरण आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की संख्या अधिक हुई तो कई चरणों में परीक्षा
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने की स्थिति में टीआरई-4 की परीक्षा एक से अधिक चरणों में आयोजित की जा सकती है।
परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
