Bihar By Election 2024: बिहार में उपचुनाव से पहले चल रहा यात्राओं का मौसम, लक्ष्य साधने निकल पड़े हैं कई 'यात्री'
Bihar By Election 2024 बिहार में चार विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव से पहले ही सियासी हलचल तेज है। अलग-अलग पार्टियों के नेता यात्राओं पर निकले हुए हैं। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के साथ पार्टी और कार्यकर्ताओं का साथ मिलने की कश्मकश जारी है। इस बीच कुछ नेता अपने कार्यकर्ताओं और वोटरों से बात करने के साथ लोकसभा चुनाव 2024 का भी फीडबैक ले रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। सर्दी की शुरुआत का यह मौसम बिहार में राजनेताओं की यात्रा के नाम पर है। विभिन्न दलों के आधे दर्जन नेता अपने समर्थकों में गर्मी पैदा करने के लिए यात्रा पर निकल पड़े हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जहां हिंदुओं का स्वाभिमान जगाने के लिए यात्रा कर रहे हैं।
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बता रहे हैं कि धर्म के नाम पर विभाजन से बचना है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा अपने दल के नेताओं-कार्यकर्ताओं को जगाने निकल पड़े हैं। सबसे अधिक चर्चा गिरिराज सिंह की यात्रा को लेकर है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कह दिया है कि यात्रा से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उधर, इस यात्रा में भाजपा के आम कार्यकर्ताओं के अलावा सांसद और विधायक भी शामिल हो रहे हैं।
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा कर रहे हैं। वे केंद्र और राज्य सरकार की विफलताएं गिना रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ललकार रहे हैं- आपमें केंद्र सरकार को गिराने की क्षमता है। क्यों नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दबाव बनाकर देश भर में जाति आधारित गणना करवा देते हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव के कारण अभी उनकी यात्रा स्थगित है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा किसी कारणवश निष्क्रिय या रूठे कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने के लिए यात्रा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यकर्ता समागम को जदयू के प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंचाने का माध्यम बनाया है।
इसमें मुख्य भूमिका मनीष वर्मा की तय की गई है। वर्मा बताते हैं-समागम में कार्यकर्ताओं को खुल कर बोलने का अवसर दिया जाता है। ताकि उनके अनुभवों से पार्टी को मजबूती मिले।
सदस्य बनाने के लिए यात्रा
जहानाबाद जिला के कुर्था स्थित शहीद जगदेव प्रसाद प्रतिमा स्थल से 25 अगस्त को शुरू हुई राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की यात्रा का उद्देश्य लोगों से विमर्श करना और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाना है।
यात्रा के क्रम में वह काराकाट लोकसभा क्षेत्र के अपने वोटरों से भी मिले। पूछा भी कि आपने हमें वोट क्यों नहीं किया। फिलहाल उनकी यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी चल रही है।
कोईरी आक्रोश रैली (Koiri Aakrosh Rally)
शोषित इंकलाब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि अगले साल 23 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में कोइरी आक्रोश रैली करने जा रहे हैं। उद्देश्य यह है कि कुशवाहा समाज के लोगों को जुटाकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करें। ताकि विधानसभा चुनाव में कुछ सीटें मिल जाए। वे इस समय दक्षिण बिहार में यात्रा कर रहे हैं।
बदलो बिहार न्याय यात्रा (Badalo Bihar Nyay Yatra)
राज्य में भाकपा माले की बदलो बिहार न्याय यात्रा पांच टोलियों में चल रही है। 27 अक्टूबर को एक रैली के माध्यम से पटना में इसका समापन होगा। 16 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने नवादा से इसकी शुरुआत की। कहा कि लोगों को हर स्तर पर न्याय दिलाना इस यात्रा का उद्देश्य है। जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष धनंजय भी इसमें शामिल हैं।
ग्राम गौरव यात्रा (Gram Gaurav Yatra)
बिहार की कैबिनेट मंत्री लेशी सिंह (Leshi Singh) अपने गृह जिला पूर्णिया में ग्राम गौरव यात्रा कर रही हैं। उनकी यात्रा सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति के लिए है। वह इस जिले की धमदाहा विधानसभा क्षेत्र की जदयू विधायक हैं। वह लोगों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
यह भी पढ़ें
Bihar Politics: 'मैंने संतोष सुमन की दीपा से इसलिए शादी कराई...', बहू को टिकट देने पर मांझी ने दी सफाई
Bihar By-Elections 2024: RJD से अपने विधायकों को तोड़ने का बदला लेंगे ओवैसी! प्रशांत किशोर बढ़ाएंगे NDA की टेंशन