विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath History: सूर्य उपासक 'मग' ब्राह्मणों से जुड़ी मगध की पहचान, राजा धृष्टकेतु की कथा से निकला छठ महापर्व

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:05 PM (IST)

Chhath Puja महापर्व बिहार की प्राचीन सूर्य उपासना परंपरा से जुड़ा है, जिसकी जड़ें मगध क्षेत्र में गहरी हैं। यह ...और पढ़ें

छठ पूजा का प्राचीन रहस्य। एआई से बनाई गई फोटो

छठ पूजा का प्राचीन रहस्य। एआई से बनाई गई फोटो

HighLights

  1. छठ पर्व मगध की प्राचीन सूर्य उपासना से जुड़ा है।

  2. मगध का नाम सूर्य उपासक मग ब्राह्मणों से संबंधित है।

  3. राजा धृष्टकेतु को छठ व्रत विधि बताई गई थी।

जागरण संवाददाता, पटना। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदी और तालाबों के किनारे उमड़ता जनसैलाब, पानी में खड़े होकर हाथ जोड़ते श्रद्धालु और अगली सुबह उगते सूर्य की पहली किरण के इंतजार में टिकी लाखों निगाहें।

लोक आस्था का महापर्व छठ का यह दृश्य जितना आज का है, इसकी जड़ें उतनी ही गहरी अतीत में जाती हैं। बिहार की मिट्टी में रची-बसी यह परंपरा केवल लोक आस्था का महापर्व नहीं, बल्कि सूर्य को जीवन, आरोग्य और ऊर्जा का स्रोत मानने वाली प्राचीन भारतीय संस्कृति की विरासत भी है।

इस विरासत के कई सूत्र मगध की धरती से जुड़ते हैं। यहां सूर्य मंदिरों की लंबी शृंखला है तो पुराणों में सूर्य उपासना से जुड़ी ऐसी कथाएं भी मिलती हैं, जो छठ की परंपरा को एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान देती हैं।

सूर्य उपासकों के नाम पर पड़ा मगध

मगध का इतिहास केवल राजनीतिक साम्राज्य और सत्ता के विस्तार तक सीमित नहीं है। इसकी पहचान प्राचीन सूर्य उपासना से भी जुड़ी मानी जाती है। महावीर मंदिर न्यास की वेबसाइट पर प्रकाशित पंडित सुरेशचंद्र मिश्र के आलेख मगध क्षेत्र में सूर्य उपासना की प्राचीनता के अनुसार मगध नाम का संबंध मग ब्राह्मणों से जोड़ा जाता है।

साम्ब पुराण में सूर्य के उपासकों को मग कहा गया है। मान्यता है कि मग ब्राह्मण सूर्य की आराधना करते थे और इसी समुदाय के नाम पर बाद में मगध का नामकरण हुआ।

सूर्य मंदिरों की समृद्ध परंपरा

मगध क्षेत्र में सूर्य उपासना की प्राचीनता का प्रमाण यहां स्थित सूर्य मंदिरों और प्राप्त प्रतिमाओं में मिलता है। औरंगाबाद जिले का देव सूर्य मंदिर देवार्क, पटना जिले का पंडारक स्थित पुण्यार्क और दुल्हिनबाजार का उलार्क मंदिर सूर्य आराधना के प्रमुख केंद्र हैं।

नालंदा जिले का बड़गांव सूर्य मंदिर भी विशेष धार्मिक महत्ता रखता है। नवादा जिले के हंडिया में स्थित सूर्य मंदिर हंडार्क के नाम से प्रसिद्ध है। इसके अलावा गया जिले में भी सूर्य उपासना के प्राचीन केंद्र रहे हैं।

जमुई जिले के मलयपुर गांव के पास नदी तट पर स्थित सूर्य मंदिर तथा दरभंगा जिले के राघोपुरा गांव से प्राप्त नौवीं शताब्दी की सूर्य प्रतिमा इस परंपरा के व्यापक विस्तार की ओर संकेत करती है।

शाहबाद रिपोर्ट में छठ का वर्णन

बंगाली चिकित्सक फ्रांसिस बुकानन ने 19वीं सदी के आरंभ में छठ की महिमा का वर्णन शाहाबाद रिपोर्ट में लिखा है। रिपोर्ट में कहा है कि बिहार के तालाबों एवं नदियों के किनारे महिलाओं द्वारा कार्तिक मास में छठ पर्व के छठे और सातवें दिन शाम एवं सुबह को सूर्योपासना की जाती है।

उनके अनुसार महिलाएं उपवास रखती हैं तथा एक साथ गीत गाती हुई नदी एवं तालाब को जाती है। सूर्यास्त और सूर्याेदय के समय पूजा करती है। जमीन पर बैठ कर रात बिताती है और दूसरे दिन सूर्योपासना के बाद भोजन करती हैं। बुकनान के अनुसार बंगाल के लोगों में यह प्रथा प्रचलित नहीं थी।

राजा धृष्टकेतु को बताई गई थी छठ व्रत की विधि

सूर्योपासक शाकद्वीपीय ब्राह्मणों का आगमन भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणा से जम्बूद्वीप से हुआ था। साम्ब के कुष्ठ रोग के उपचार में इन ब्राह्मणों की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।

साम्ब के स्वस्थ होने के बाद उन्होंने सूर्य देव का विशाल मंदिर बनवाया। पद्म पुराण की परंपरा में इस मंदिर से जुड़े स्थान का पुराना नाम कश्यपपुर बताया गया है, जो बाद में साम्बपुर के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

कथा के अनुसार, इसके बाद शाकद्वीपीय ब्राह्मण गरुड़ पर सवार होकर अपने निवास स्थान की ओर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी भेंट मगध के राजा धृष्टकेतु से हुई, जो रोग से परेशान होकर अग्नि में प्राण त्यागने की चेष्टा कर रहे थे।

ब्राह्मणों ने उन्हें सूर्य उपासना और छठ व्रत की विधि बताई। राजा ने पूरी श्रद्धा से सूर्य आराधना की और मान्यता के अनुसार रोग से मुक्ति पाई। इस तरह छठ की परंपरा केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि सूर्य को जीवन, स्वास्थ्य और ऊर्जा का आधार मानने वाली प्राचीन भारतीय चेतना का प्रतीक बनकर सामने आती है।

आज भी जब लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते हैं तो उसके पीछे सदियों पुरानी इसी आस्था और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है।

आज भी जीवित है सदियों पुरानी सूर्य चेतना

साम्ब की आराधना हो, मग ब्राह्मणों की परंपरा हो या राजा धृष्टकेतु को बताई गई छठ व्रत की विधि, इन कथाओं में सूर्य को आरोग्य और जीवन का आधार माना गया है।

छठ की विशेषता भी यही है कि इसमें प्रकृति के सबसे बड़े ऊर्जा स्रोत सूर्य के साथ जल, वायु और धरती के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर दिन के अंत को भी उतनी ही श्रद्धा से स्वीकार करते हैं, जितनी आस्था से अगली सुबह उगते सूर्य का स्वागत करते हैं।

हजारों वर्षों की सांस्कृतिक स्मृतियों को समेटे छठ आज भी मगध और बिहार की पहचान है। समय बदला, शहरों का विस्तार हुआ और पूजा के स्वरूप में कई बदलाव आए, लेकिन सूर्य के प्रति श्रद्धा का भाव नहीं बदला।

यही वजह है कि छठ के घाटों पर दिखाई देने वाली आस्था में केवल वर्तमान नहीं, बल्कि अतीत की एक लंबी सांस्कृतिक यात्रा भी दिखाई देती है।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में छठ महापर्व पर 260 से अधिक घाटों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, खतरनाक घाटों पर लगेंगे लाल झंडे

यह भी पढ़ें- सिवान मर्डर केस में 2 साल से फरार आरोपितों के खिलाफ कुर्की की तैयारी, पुलिस ने घर पर चिपकाया इश्तेहार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।