Sonia Gandhi की किताब से सियासी भूचाल, Nitish Kumar के गठबंधन छोड़ने पर किया ऐसा दावा कि भड़क उठी JDU
सोनिया गांधी की आत्मकथा में नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी को लेकर जदयू ने कड़ी आपत्ति जताई है। जदयू ...और पढ़ें

सोनिया गांधी और नीतीश कुमार। फाइल फोटो
HighLights
सोनिया गांधी की किताब पर जदयू ने जताई नाराजगी।
नीतीश कुमार ने आईएनडीआईए की नींव रखी थी।
कांग्रेस पर गठबंधन के उद्देश्य से भटकने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, पटना।कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi Book) की आत्मकथा-बिलांन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव (Belonging: A Journey of Love) में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के प्रति की गई टिप्पणी को लेकर जदयू (JDU) ने नाराजगी जताई है।
आत्मकथा में उन्होंने लिखा है कि एक कमजोर सा बहाना नीतीश कुमार आईएनडीआईए की बैठक से अचानक उठकर चले गए थे। लग रहा था कि कुछ तो चल रहा है।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा (JDU Sanjay Jha) ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार के फैसले को कमजोर कारण बताकर पेश करना तथ्यों से परे है।
उन्होंने कहा कि आजकल कांग्रेस के कुछ नेताओं के लिए वरिष्ठ नेताओं पर स्तरहीन टिप्पणी करना राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का पांच दशकों का सार्वजनिक जीवन, उनका राजनीतिक अनुभव और बिहार के प्रति उनका योगदान किसी परिचय या प्रमाण का मोहताज नहीं है।
बकौल संजय झा, आईएनडीआईए की नींव रखने में उनकी (नीतीश कुमार की) अहम भूमिका रही। यहां तक कि कांग्रेस को भी गठबंधन में साथ रखने की पैरवी उन्होंने ही की, जबकि कई दल इसके पक्ष में नहीं थे।
संजय झा ने कहा कि धीरे-धीरे यह स्पष्ट होने लगा कि गठबंधन का उद्देश्य देश के लिए कोई सकारात्मक वैकल्पिक एजेंडा तैयार करना नहीं, बल्कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना रह गया है।
'सोनिया गांधी का परिवार भ्रष्टाचार का प्रतीक'
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बेदाग छवि वाले युगपुरुष नीतीश कुमार को सोनिया गांधी के राजनीतिक प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। इतने लंबे समय तक सत्ता के शीर्ष पर रहने के बावजूद उन पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। इसके विपरीत, सोनिया गांधी का परिवार आज देश में भ्रष्टाचार का सबसे प्रतीक बन चुका है।
'कांग्रेस का इरादा ठीक नहीं'
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि ये नीतीश कुमार हैं, जिनके प्रयास से क्षेत्रीय दल आईएनडीआईए में कांग्रेस को शामिल कराने पर सहमत हुए थे, लेकिन कांग्रेस की भूमिका से क्षुब्ध होकर ही नीतीश ने इस गठबंधन का त्याग किया। उन्हें लग गया था कि कांग्रेस का इरादा ठीक नहीं है।
जदयू प्रवकता शंभूनाथ सिन्हा ने कहा कि जिस आईएनडीआईए को एकजुट करने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, आज वह गठबंधन उनके बिना अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता और एकजुटता के संकट से जूझ रहा है। पुस्तक के माध्यम से उन पर आरोप मढ़ने से राजनीतिक सच्चाई नहीं बदल सकती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।