मैथिली ठाकुर के बॉडीगार्ड ने दर्ज कराई FIR, सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का मामला
भाजपा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर व उनके पिता के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का मामला सामने आया है।

विधायक मैथिली ठाकुर। फाइल फोटो
HighLights
मैथिली ठाकुर और पिता पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी।
सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में FIR दर्ज कराई।
पुलिस इंस्टाग्राम अकाउंट और टिप्पणियों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, पटना। अलीनगर की भाजपा विधायक और चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा उनके पिता को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मैथिली ठाकुर के सरकारी बाडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस उस इंस्टाग्राम अकाउंट और उस पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की पड़ताल कर रही है, जहां से कथित तौर पर यह टिप्पणी की गई थी।
सोशिल मीडिया में की गई अभद्र टिप्पणी
साइबर थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, बीते 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे सरकारी बाडीगार्ड को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली थी।
उन्हें बताया गया कि एक इंस्टाग्राम आइडी से विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता को निशाना बनाते हुए अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। इसके बाद मामले को लेकर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत में कहा गया है कि इंटरनेट मीडिया पर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां न केवल विधायक की सार्वजनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं, बल्कि एक महिला की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाली हैं।
आवेदन में इन टिप्पणियों को गंभीर बताते हुए उचित कार्रवाई की आवश्यकता जताई गई है। शिकायत दर्ज होने के बाद पटना साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम आइडी और उस पर की गई टिप्पणियों की जांच कर रही है।