बिहार से विदेश की यात्रा होगी आसान, पटना एयरपोर्ट में जनवरी से मिलेंगी नई सुविधाएं
पटना एयरपोर्ट पर जनवरी से अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए कस्टम और इमिग्रेशन काउंटर की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को दिल्ली ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट। फाइल फोटो
HighLights
जनवरी से पटना एयरपोर्ट पर कस्टम-इमिग्रेशन सुविधा।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को मिलेगी सीधी यात्रा की सहूलियत।
बैगेज सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना एयरपोर्ट से विदेश जाने वाले यात्रियों की परेशानी जल्द कम हो सकती है। एयरपोर्ट परिसर में कस्टम और इमिग्रेशन काउंटर बनाने का काम शुरू हो गया है।
अगले दो महीनों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। सब कुछ तय समय पर हुआ तो जनवरी तक यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। इससे दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े एयरपोर्ट पर कस्टम जांच और कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए इंतजार करने में लगने वाला समय बचेगा।
फिलहाल, पटना से दूसरे शहरों के रास्ते विदेश जाने वाले यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने के दौरान कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है।
नए काउंटर शुरू होने से पटना एयरपोर्ट पर ही निर्धारित कस्टम और इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान यात्रियों को सहूलियत होगी।
पटना से ही गंतव्य तक भेजने की होगी व्यवस्था
इस परियोजना में केवल काउंटर बनाने तक काम सीमित नहीं है। यात्रियों के बैगेज की छंटाई, जांच और एक विमान से दूसरे विमान तक पहुंचाने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
इसके लिए बैगेज कन्वेयर, ट्रांसफर एरिया और मौजूदा व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। योजना के अनुसार, पात्र कनेक्टिंग यात्रियों का सामान पटना में ही बुक होकर उनके अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
ऐसे में दिल्ली या मुंबई पहुंचने पर उन्हें सामान लेकर दोबारा चेक-इन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, यह सुविधा संबंधित एयरलाइंस और यात्रा व्यवस्था के नियमों के अनुरूप उपलब्ध होगी।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार होगा परिसर
कस्टम और इमिग्रेशन काउंटरों के साथ यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने पर भी काम किया जा रहा है। सिक्योरिटी होल्ड एरिया और स्टेराइल कॉरिडोर में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
यात्रियों के लिए अलग रास्ते, प्रवेश नियंत्रण और बैगेज जांच के लिए उपयुक्त स्थान तैयार किए जाएंगे। निर्माण एजेंसी को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
पटना एयरपोर्ट पर यह सुविधा हब एंड स्पोक माडल के तहत विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य पटना से बड़े हवाई अड्डों के रास्ते विदेश जाने वाले यात्रियों की यात्रा को आसान बनाना है।
जनवरी तक कस्टम और इमिग्रेशन सेवा शुरू होने से यात्रियों को समय की बचत के साथ कनेक्टिंग उड़ान पकड़ने में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election Result 2026 LIVE: बिहार में विधान परिषद चुनाव के रिजल्ट आज, दांव पर अनंत सिंह की प्रतिष्ठा
यह भी पढ़ें- पताही, सोनपुर, सहरसा और वाल्मीकिनगर में बढ़ेंगी हवाई सुविधाएं, बिहार के लिए बनेगी एविएशन पॉलिसी
