विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में अपार्टमेंट के बेसमेंट में पार्षद पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच गोलियां लगीं; बाइक सवार तीन हमलावर फरार

Published: Wed, 23 Sep 2026 08:40 PM (IST)

पटना के बुद्धा कॉलोनी में पार्षद पति अनिल कुमार यादव पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने अपार्टमेंट के बेसमेंट में ...और पढ़ें

फाइल फोटो

फाइल फोटो

HighLights

  1. पार्षद पति अनिल यादव पर अपार्टमेंट बेसमेंट में हमला।

  2. बाइक सवार तीन हमलावरों ने मारी पांच गोलियां।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, पटना। बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र के चकारम में बुधवार की देर शाम बाइक सवार तीन अपराधियों ने मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में घुसकर पार्षद पति व पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव पर फायरिंग कर दी। उस समय वह अपने समर्थकों के साथ कार्यालय में बैठे थे। फायरिंग में उन्हें पांच गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो पिस्टल से की गई फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों हमलावर बाइक से बेसमेंट में पहुंचे। इनमें दो ने हेलमेट और एक ने टोपी पहन रखी थी। बाइक रोकने के बाद दो हमलावरों ने पिस्टल निकाली और अनिल कुमार पर फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके से सात खोखे बरामद किए गए हैं।

कुर्सी फेंकी तो हथियार लहराते भागे

घटना के समय गार्ड बृज मोहन पांडेय भी बेसमेंट में मौजूद थे, लेकिन उनके पास राइफल नहीं थी। उन्होंने हमलावरों को रोकने के लिए पास में रखी कुर्सी फेंकी और बाइक गिराने का प्रयास किया। हालांकि, हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले।

पहले बोरिंग रोड, फिर कंकड़बाग के अस्पताल में भर्ती

फायरिंग के बाद अनिल कुमार को गंभीर हालत में बोरिंग रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनके शरीर से दो गोलियां निकालीं। इसके बाद स्वजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें कंकड़बाग स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पत्नी हैं वर्तमान पार्षद, इलाके में अतिरिक्त बल तैनात

अनिल कुमार पटना नगर निगम के वार्ड 24 से पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी ज्ञानवती देवी पार्षद हैं। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार जनसुराज से भी जुड़े हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बांकीपुर विधायक और जनसुराज नेता प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 100 और एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।