विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में अपराध‍ियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, SI को लगी गोली; अपराधी भी घायल

Updated: Sun, 30 Aug 2026 08:44 AM (IST)

पटना के बिहटा में पुलिस और बालू माफिया के बीच मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और एक अपराधी को गोली ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, बिहटा। पटना में रविवार अलसुबह अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बिहटा के परेव में हुई इस घटना में एक सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह और एक अपराधी को गोली लगी।

बिहटा थानाध्यक्ष भी चोटिल हो गए। घायल अपराधी को पीएमसीएच भेजा गया है, जबकि एसआई और थानाध्यक्ष का सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।

सूचना मिलने पर पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, दो देसी कट्टे, बड़ी संख्या में गोलियां और बालू लदी एक नाव जब्त की है।

अवैध खनन की सूचना पर पहुंची थी पुलिस 

बताया जा रहा है कि बिहटा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परेव सोन नदी घाट पर अवैध रूप से बालू का उत्खनन किया जा रहा है। नाविकों से रंगदारी मांगने की भी सूचना मिली थी।

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद दर्जनों हथियारबंद बालू माफियाओं ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

Bihta

अपराध‍ियों की ओर से की गई फायरिंग में दारोगा को लगी गोली

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। अपराधियों की ओर से की गई गोलीबारी में दारोगा राजू कुमार की बांह में गोली लग गई।

मुठभेड़ में एक अपराधी भी घायल हुआ है। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों के भी जख्मी होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दो बालू माफियाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।