छठ के बाद पटना से कन्फर्म टिकट की किल्लत, नियमित ट्रेनों में 30 नवंबर तक सीटें फुल
छठ महापर्व के बाद पटना से दिल्ली, मुंबई और सूरत जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 30 नवंबर तक नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं, जिससे टीओडी ट्रेनें ही एकमात्र सहारा बची हैं।

राजेंद्र नगर टर्मिनल पर संपूर्ण क्रांति ट्रेन पकड़ने को लेकर लाइन में यात्री ।जागरण
HighLights
छठ के बाद यात्रियों को ट्रेन टिकट की भारी किल्लत।
पटना से दिल्ली, मुंबई, सूरत ट्रेनों में 30 नवंबर तक वेटिंग।
टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) ट्रेनें यात्रियों के लिए बनी सहारा।
जागरण संवाददाता, पटना। छठ महापर्व समाप्त होने के बाद दूसरे राज्यों में काम पर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पटना से दिल्ली, मुंबई और सूरत जाने वाली नियमित और विशेष ट्रेनों में 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
लंबी प्रतीक्षा सूची और कई ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति के कारण यात्रियों के सामने सफर की चिंता खड़ी हो गई है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी काम के सिलसिले में तय समय पर वापस लौटना है।
टिकट उपलब्धता की स्थिति देखें तो पटना से दिल्ली के लिए कुल 20 ट्रेनें सूची में हैं, लेकिन इनमें से किसी में भी 30 नवंबर तक सामान्य रूप से कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।
कुछ ट्रेनों में 26 नवंबर तक ही रिग्रेट की स्थिति है, जबकि अन्य में वेटिंग चल रही है। इसी तरह पटना से मुंबई के लिए सात ट्रेनें हैं, लेकिन किसी में भी 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
सूरत और उधना जाने वाली तीनों ट्रेनों में भी 30 नवंबर तक वेटिंग है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।
दिल्ली के लिए 20 ट्रेनों में भी राहत नहीं
पटना से दिल्ली और आनंद विहार के लिए चलने वाली 20 ट्रेनों में टिकट की स्थिति बेहद खराब है। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में 26 नवंबर तक रिग्रेट है। यानी इन तारीखों में टिकट की उपलब्धता नहीं है।
गरीब रथ एक्सप्रेस में चार दिसंबर तक रिग्रेट की स्थिति है। वहीं, श्रमजीवी एक्सप्रेस, वंदे भारत स्पेशल, पूर्वा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी, अमृत भारत एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कुछ स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए विकल्प सीमित हो गए हैं।
मुंबई जाने वाली सातों ट्रेनों में वेटिंग
पटना से मुंबई के लिए भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। दानापुर-एलटीटी स्पेशल, सहरसा-एलटीटी स्पेशल, आसनसोल-सीएसएमटी एक्सप्रेस, रक्सौल-एलटीटी स्पेशल, पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस और राजगीर-एलटीटी एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक वेटिंग है।
डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में तीन दिसंबर तक रिग्रेट की स्थिति है। मुंबई जाने के लिए सात ट्रेनें होने के बावजूद किसी में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
सूरत और उधना जाने वालों की भी परेशानी
सूरत और उधना के लिए भी टिकट की स्थिति अलग नहीं है। सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस और हाजीपुर-उधना स्पेशल में 30 नवंबर तक वेटिंग चल रही है। इन तीनों ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से गुजरात जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
टीओडी ट्रेनों से मिल रही यात्रियों को राहत
नियमित ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण रेलवे की ओर से चलाई जा रही टर्मिनल आक्यूपेंसी के हिसाब से ट्रेन आन डिमांड (टीओडी) ट्रेनें यात्रियों के लिए उम्मीद बनी हुई हैं। छठ के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे की ओर से इन ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
मांग के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दिल्ली, मुंबई और गुजरात जाने वाले उन यात्रियों के लिए टीओडी ट्रेनें ही बड़ा सहारा हैं, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।