जिस इंजीनियर की शिकायत पर पकड़ाया ठेकेदार, तीन दिन बाद उसी के ठिकानों पर छापा; 100% से अधिक संपत्ति का आरोप
SVU ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के ...और पढ़ें

अधीक्षण अभियंता के जल भवन स्थित कार्यालय में छापामारी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
SVU ने भ्रष्टाचार मामले में बड़ी कार्रवाई की।
अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के ठिकानों पर छापेमारी।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की है।
वह छपरा के लघु सिंचाई अंचल के अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं। उनके छपरा, पटना समेत पांच ठिकानों पर एसवीयू की टीम तलाशी ले रही है। राजेंद्र कुमार पर आय से 100% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
तीन दिन पूर्व इंजीनियर की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई
सबसे रोचक तथ्य यह है कि तीन दिन पूर्व इन्हीं अधीक्षण अभियंता (SE) की शिकायत पर दूसरी जांच एजेंसी आर्थिक अपराध इकाई ने उनको डरा-धमकाकर पैसे मांगने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
इंजीनियर की शिकायत थी कि फोन करने वाला खुद को ईओयू का पदाधिकारी बताकर जांच की फाइल अपने पास रहने और जो चाहे वाह करने की धमकी देता है।
ठेकेदार और ड्राइवर को किया गया था गिरफ्तार
इसके बदले रुपयों का भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। इसके बाद ईओयू ने धमकी देने के आरोपित महावीर कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार अमित कुमार और उसके ड्राइवर बिहटा के मंजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था।
एसवीयू सूत्रों के अनुसार, अमित कुमार और मंजीत ने ही एसवीयू को भी शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद कार्रवाई की गई है।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। इसमें बड़े अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक शिकंंजे में आ रहे हैं। अब देखना है कि एसई के ठिकानों से एसवीयू को क्या-क्या मिलता है। छापामारी जारी है।
