प्राइवेट वाहनों में हूटर लगाना पड़ेगा भारी, पूर्णिया पुलिस ने दी अंतिम चेतावनी
पुलिस ने वाहन मालिकों से निजी वाहनों से अनधिकृत सायरन और फ्लैशर लाइट हटाने की अपील की है।

हूटर का फाइल फोटो
HighLights
निजी वाहनों से अनधिकृत सायरन और फ्लैशर हटाने की अपील।
उल्लंघन पर मोटरवाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई होगी।
काले शीशे के इस्तेमाल पर भी पुलिस ने चेताया है।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपने निजी वाहनों में लगे सायरन और फ्लैशर लाइट हटाने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इनका उपयोग केवल अधिकृत आपातकालीन वाहन-एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस और सरकारी आपातकालीन सेवाओं के वाहन-आपात स्थिति में कर सकते हैं। पुलिस के अनुसार, निजी और गैर-आपातकालीन वाहनों में सायरन या हूटर का उपयोग प्रतिबंधित है।
मोटरवाहन अधिनियम और बिहार सरकार के सायरन संबंधी आदेश के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
रसूख या वीआईपी संस्कृति दिखाने के लिए निजी कारों और मोटरसाइकिलों पर हूटर लगाना भी नियमों का उल्लंघन है।
ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस भारी चालान कर सकती है और वाहन जब्त किया जा सकता है। पुलिस या सरकारी अधिकारी होने का दिखावा करने पर आपराधिक धाराओं के तहत जेल और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने वाहनों में काले शीशे के इस्तेमाल पर भी चेताया है। यह मोटरवाहन अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर वाहन के विरुद्ध शमन तथा अन्य विधि-सम्मत कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने कहा कि हूटर के दुरुपयोग से यातायात में भ्रम पैदा होता है और वास्तविक आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिलने में बाधा आ सकती है।
इससे लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। तेज आवाज से शोर प्रदूषण होता है और आम लोगों को परेशानी होती है।
यह भी पढ़ें- जमुई में जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भू-माफियाओं पर हमले का आरोप