विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया का छात्र निकला पाकिस्तानी हैंडलर का मोहरा, 8 यूट्यूब चैनलों से फैला रहा था नफरत

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:01 PM (IST)

पूर्णिया में पाकिस्तानी एजेंटों के इशारे पर कट्टरता फैलाने के आरोप में 23 वर्षीय छात्र शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

एसएसपी पूर्णिया और गिरफ्तार आरोपी।

एसएसपी पूर्णिया और गिरफ्तार आरोपी।

राजीव कुमार, पूर्णिया। पाकिस्तान में बैठे एजेंटों के सहयोग से देश में कट्टरता फैलाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने खुफिया विभाग की सूचना के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवक पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र स्थित काली प्रसाद यादव टोला के रहने वाले शमीम अख्तर का 23 वर्षीय पुत्र मो. शाहिद अख्तर है। शाहिद अख्तर पूर्णिया कॉलेज में जंतु विज्ञान का छात्र है।

उसकी गिरफ्तारी आंध्र प्रदेश से मिली सूचना के आधार पर खुफिया विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से की है।

गिरफ्तार युवक के मोबाइल फोन से कई ऐसे वीडियो संदेश मिले हैं, जो देश में कट्टरता फैलाने के लिए पाकिस्तान से भेजे जाने के बाद युवक द्वारा देशभर में वायरल किए गए थे।

युवक की गिरफ्तारी के बाद एटीएस सहित देश की कई अन्य खुफिया एजेंसियों ने भी उससे घंटों पूछताछ की। पूछताछ में पाकिस्तान के अलावा देशभर में फैले इस ग्रुप के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार मो. शाहिद अख्तर का संबंध पाकिस्तान में बैठे आकाओं के अलावा पश्चिम बंगाल, हैदराबाद सहित देश के कई अन्य क्षेत्रों के ऐसे युवकों से था, जो धार्मिक कट्टरता के वीडियो प्रसारित कर रहे थे।

अब तक आठ यूट्यूब चैनल बना चुका था शाहिद

पूर्णिया के मधुबनी स्थित काली प्रसाद यादव टोला का रहने वाला मो. शाहिद अख्तर कट्टरता वाले वीडियो फैलाने के लिए अब तक अपने आठ यूट्यूब चैनल बना चुका था।

शुरुआत में उसने कट्टरता वाले वीडियो फैलाने के लिए अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल किया। जब इन वीडियो को ज्यादा व्यूज (हिट्स) मिलने लगे और इसकी भनक खुफिया विभाग को लगी, तो उसकी आईडी ब्लॉक करवा दी गई।

आईडी ब्लॉक होने के बाद शाहिद ने यूट्यूब चैनल बनाकर कट्टरता वाले वीडियो प्रसारित करने का सिलसिला जारी रखा। आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में उसके सभी आठ चैनल बंद किए जा चुके हैं।

पाकिस्तान में बैठे आकाओं और देशभर में फैले नेटवर्क के सदस्यों से बातचीत के लिए वह सिग्नल ऐप का इस्तेमाल करता था।

पाकिस्तान में बैठे अली इमरान के संपर्क में था शाहिद

जांच में यह बात भी सामने आई है कि पकड़ा गया शाहिद अख्तर पाकिस्तान में बैठे अली इमरान के संपर्क में था और उसके मोबाइल नंबर +923705944655 से जुड़ा हुआ था।

इसी नंबर से अली इमरान ने शाहिद को कई व्हाट्सएप मैसेज भी भेजे थे, लेकिन शाहिद की गिरफ्तारी के बाद इस नंबर से व्हाट्सएप अनइंस्टॉल कर दिया गया।

पुलिस और खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से ही एक कट्टरपंथी समूह से जुड़ा हुआ था। यह समूह देश विरोधी और संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय था। पुख्ता डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद यह संदिग्ध केंद्रीय खुफिया एजेंसी (आईबी) के रडार पर आ गया था।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं और संयुक्त रूप से नेटवर्क की कड़ियां खंगालनी शुरू कर दीं।

केंद्रीय एजेंसियों और एसटीएफ की गहन पूछताछ के बाद पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से लंबी पूछताछ की।

पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसके तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात सामने आई है। उसके मोबाइल फोन से देश में कट्टरता फैलाने वाले कई वीडियो और संदेश मिले हैं, जो पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स द्वारा भेजे गए थे। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। - डॉ. शौर्य सुमन, एसएसपी, पूर्णिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।