रोहतास में ज्वेलर्स संचालक से मांगी गई 5 लाख की रंगदारी, CCTV खंगाल रही पुलिस
रोहतास के डालमियानगर में देवी ज्वेलर्स के संचालक अजय कुमार से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
डालमियानगर के देवी ज्वेलर्स संचालक से पांच लाख की रंगदारी मांगी।
धमकी भरा पत्र दुकान में लिफाफे के माध्यम से भेजा गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, मामले की गहन जांच जारी।
संवाद सहयोगी, रोहतास। डालमियानगर थाना क्षेत्र के न्यू सिधौली स्थित देवी ज्वेलर्स के संचालक अजय कुमार से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। व्यवसायी के अनुसार दुकान में लिफाफे के माध्यम से धमकी भरा पत्र भेजा गया है। पत्र में पांच लाख रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अगले दिन सुअरा पुल के समीप रुपये पहुंचाने का निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।
घटना के बाद स्वर्ण व्यवसायी और आसपास के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। थानाध्यक्ष उमूश सलमा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष के अनुसार दुकान में लगे कैमरे में पत्र डालने वाले व्यक्ति को तस्वीर अब तक नहीं मिल सकी है। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, जिसके बाद ही घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार व्यवसायी द्वारा दिखाए गए कागज के टुकड़े पर टूटे-फूटे अक्षरों में कुछ शब्द लिखे हुए हैं। प्रथम दृष्टया यह धमकी भरा पत्र प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी वास्तविकता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि व्यवसायी को आवेदन देने के लिए कहा गया है। फिलहाल व्यवसायी की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। वहीं एसपी राज ने बताया कि स्वर्ण व्यवसाई के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी की जा रही है। जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
