वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार बढ़ा, कोच ने कहा- बेंच पर बैठे रहने से... भरोसा तो करना चाहिए
Vaibhav Suryavanshi Debut: युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू लगातार टल रहा है, जिससे उनके कोच और समर्थकों में मायूसी है। आईपीए ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। India Vs England T20: बिहार के ताजपुर के रहने वाले 15 वर्षीय युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है।
आईपीएल 2026 और भारत 'ए' के लिए अपने विस्फोटक प्रदर्शन से तहलका मचाने वाले वैभव को भारतीय सीनियर टीम में तो चुन लिया गया, लेकिन आयरलैंड दौरे के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भी उन्हें अंतिम एकादश (Playing XI) में जगह नहीं मिली। इस फैसले से उनके गृह जिले समस्तीपुर के खेल प्रेमियों और समर्थकों में भारी मायूसी छा गई है।
अनदेखी से मनोबल पर पड़ सकता असर
लगातार बेंच पर बैठे रहने को लेकर वैभव के बचपन के कोच ब्रजेश झा ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि टीम में चयन होने के बावजूद बार-बार डेब्यू का मौका न मिलना किसी भी युवा खिलाड़ी के मनोबल पर नकारात्मक असर डाल सकता है।

कोच ने कहा, वैभव ने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर यहां तक का सफर तय किया है। टीम प्रबंधन को इस युवा प्रतिभा पर भरोसा दिखाना चाहिए, वह खुद को जरूर साबित करेगा। जिले के क्रिकेट प्रेमियों में भी नाराजगी है।
ताजपुर के राकेश कुमार और दलसिंहसराय के श्री राजपूत ने कहा कि पूरे देश की निगाहें वैभव के डेब्यू पर टिकी थीं, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में उन्हें बाहर रखना निराशाजनक है।
आईपीएल 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन
वैभव का हालिया फॉर्म उनके डेब्यू की सबसे बड़ी पैरवी करता है। राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से खेलते हुए उन्होंने आईपीएल 2026 में इतिहास रच दिया था:
ऑरेंज कैप: 16 पारियों में 776 रन बनाकर सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीती।
तूफानी स्ट्राइक रेट: पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा।
छक्कों की बारिश: एक सीजन में सर्वाधिक 65 छक्के और सिर्फ पावरप्ले में 490 रन बनाने का रिकॉर्ड।
भारत 'ए' के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड
आईपीएल के तुरंत बाद श्रीलंका में आयोजित 'त्रि-कोणीय ए सीरीज' में भी वैभव का बल्ला जमकर गरजा। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका 'ए' के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास का 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
खबरें और भी
इस खिताबी मुकाबले में उन्होंने 324.14 के स्ट्राइक रेट से 29 गेंदों पर 94 रनों की हैरतअंगेज पारी खेली थी।
अगले मुकाबले से उम्मीदें
भले ही समर्थकों में निराशा है, लेकिन क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अंतिम एकादश का चयन पिच की परिस्थितियों और टीम संयोजन को देखकर किया जाता है। ऐसे में उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है। खेल प्रेमियों की निगाहें अब भारतीय टीम के अगले मुकाबले पर टिकी हैं।
सभी को भरोसा है कि जल्द ही ताजपुर का यह युवा बल्लेबाज भारत की नीली जर्सी में मैदान पर उतरेगा और अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार आगाज करेगा।
यह भी पढ़ें- पटना के यश राज ने 26 गेंदों में रच दिया इतिहास; वैभव सूर्यवंशी भी नहीं कर पाए ऐसा कमाल