छपरा में दोस्त के साथ बाइक से निकले युवक का घर के बाहर मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
छपरा के नंदलाल छपरा गांव में एक 28 वर्षीय युवक का शव घर के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ...और पढ़ें

युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद रोते बिलखते स्वजन
HighLights
छपरा में युवक का शव घर के बाहर संदिग्ध मिला।
परिजनों ने दोस्त पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस सड़क हादसे की आशंका जता रही, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, छपरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा गांव में मंगलवार की देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से दोस्त के साथ निकले 28 वर्षीय युवक राकेश कुमार राय का शव उसके घर के बाहर मिला। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्वजन ने उसके साथ गए गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक नंदलाल छपरा गांव निवासी स्व. सुग्रीव राय का पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के भाई रामायण कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की शाम गांव का ही एक युवक फोन कर राकेश को घर से बुलाकर ले गया था।
बाइक पर बैठाकर ले गया, रात में घर के बाहर मिला शव
रामायण कुमार के अनुसार, फोन करने वाला युवक बाइक से राकेश को अपने साथ ले गया था। देर रात वही युवक राकेश के शव को घर के बाहर रखकर वहां से भाग गया। स्वजन का दावा है कि उन्होंने उक्त युवक को वहां से भागते हुए देखा था। इसके बाद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
स्वजन का आरोप है कि राकेश को बहाने से घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के बाहर लाकर छोड़ दिया गया। हालांकि, समाचार प्रेषण तक इस संबंध में पुलिस को स्वजन की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया सड़क हादसा
मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के सड़क दुर्घटना में घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राकेश कहीं जा रहा था, इसी दौरान सड़क दुर्घटना में वह घायल हो गया। उसके दोस्तों ने उसे घर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत नहीं हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्वजन के आरोप और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई दुर्घटना की बात के बीच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
