सीतामढ़ी : युवक की हत्या कर मकई के खेत में छिपाया था शव, अब गिरफ्तार हुआ 5000 का इनामी
सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में मकई के खेत में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पांच हजार के इनामी आरोपित त्रिवेणी राय को गिरफ्तार कर लिया है। वह हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में फरार चल रहा था।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। मकई के खेत में घास-फूस से ढंका युवक का शव मिलने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को खेत में छिपा दिया गया था। इस मामले में पुलिस को लंबे समय से जिस आरोपित की तलाश थी, वह अब गिरफ्त में आ गया है।
एसटीएफ की विशेष टीम और रुन्नीसैदपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये के इनामी आरोपित त्रिवेणी राय को गिरफ्तार कर लिया। वह हत्या और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फरार चल रहा था।
दो मामलों में पुलिस को थी तलाश
गिरफ्तार त्रिवेणी राय रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के वार्ड संख्या सात निवासी शीतल राय का पुत्र है। थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि उसके विरुद्ध रुन्नीसैदपुर थाने में कांड संख्या 266/21 (एससी-एसटी एक्ट) और कांड संख्या 187/25 (हत्या) दर्ज है। दोनों मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। फरार रहने के कारण उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
मकई के खेत में मिला था युवक का शव
मामला 14 मई 2025 का है। उस दिन सुबह इब्राहिमपुर गांव में शीतल राय के मकई के खेत से गांव के ही बंगाली बैठा के 40 वर्षीय पुत्र रामनाथ बैठा का शव बरामद हुआ था। हत्या के बाद शव को मकई के खेत में छिपाकर घास-फूस से ढंक दिया गया था। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई थी।
पिता और तीन पुत्रों पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
इस मामले में मृतक के भाई बैद्यनाथ बैठा के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें शीतल राय और उसके तीन पुत्रों त्रिवेणी राय, विजय राय व राघव राय को आरोपित किया गया था। घटना के बाद से ही त्रिवेणी राय पुलिस की पकड़ से बाहर था।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।