चिराग पासवान का बड़ा बयान, कहा- राजद कांग्रेस के पिछलग्गू पार्टी, जल्द होगा सीटों का बंटवारा
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए 225 से अधिक सीटें जीतकर बिहार में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की। पासवान ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें सब कुछ ठीक नहीं है और सीटों का बंटवारा जल्द होगा।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए 225 से अधिक सीटें जीतकर पुनः बिहार में सरकार बनाएगी। एनडीए का सभी घटक दल मजबूती से अपनी और अपने गठबंधन को मजबूत करने में लगा है, हम लोग बड़े लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उक्त बातें हाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कही। चिराग पासवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचे थे।
महागठबंधन में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं
नेता विरोधी दल तेजस्वी प्रसाद यादव के यात्रा पर निकलने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि जब वह पिछली बार कांग्रेस के साथ यात्रा पर निकले थे, महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा उनको साइड लाइन किया गया था। बार-बार जिस तरीके से उन्होंने कांग्रेस नेताओं को आगे रखने का काम किया। उनके लिए गाड़ी तक चलाने का काम किया।
राहुल गांधी जब आए थे तो उनको प्रधानमंत्री बनाने की बात मेरे छोटे भाई तेजस्वी यादव के द्वारा कही गई। उसके बावजूद भी महागठबंधन मुख्यमंत्री का चेहरा वह होंगे कांग्रेस ने उसे पर मौन धारण किए हुए हैं। पूरी यात्रा समाप्त हो गई पर राजद पिछलग्गू पार्टी की तरह, कांग्रेस जैसी पार्टी जिसका ना के बराबर बिहार में कोई जनाधार है।
उनके पीछे लगी है, उसके बावजूद भी वह सम्मान नहीं मिल रहा है। आज उसी की भरपाई के लिए वह अकेले यात्रा पर निकले हैं। कोई महागठबंधन का साथी उनके साथ नहीं है यह बयान देना कि 243 सीटों पर लड़ेंगे यह अपने में दर्शाता। यह अपने आप में दर्शाता है कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है।
जमुई सांसद अरुण भारती के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि अरुण भारती और हमारे चुनाव लड़ने की चर्चा यह तमाम विषय पूर्ण रूप से निर्णय लिए जा सकेंगे जब सीटों की बंटवारा कौन सीट किसको मिल रहा है, इसको हम लोग कंप्लीट कर लेंगे। सीटों की संख्या कितनी होगी कौन-कौन सीट और कौन-कौन संभावित प्रत्याशी होंगे। क्या चिराग पासवान चुनाव लड़ेंगे यह सब एनडीए संसदीय बोर्ड की बैठक में तय कर लिया जाएगा और आप लोग के बीच भी साझा किया जाएगा।
जल्द होगी सीटों का बंटवारा
जीतन राम मांझी के 100 सीट मांगने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि कई बार जब चुनाव नजदीक आता है, तब सीटों का बटवारा सीटों का चयन तमाम प्रकिया का पालन किया जाता है। कई बार कई राजनीतिक दल अपने अस्तित्व को मजबूत करने की दृष्टि से इस तरह की बातों को रखते हैं। जीतन राम मांझी स्वयं केंद्र सरकार में मंत्री हैं। अभी तक हम लोग उपराष्ट्रपति के चुनाव में तमाम घटक दल व्यस्त थे। चुनाव संपन्न हो गया है। अब विधिवत सीटों की बटवारा एवं चयन की प्रक्रिया कर ली जाएगी।
चिराग पासवान ने नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की दी बधाई
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज हम लोगों के लिए एवं देशवासियों के लिए खुशी का दिन है। जिस तरीके से प्रधानमंत्री ने आज महिलाओं के लिए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की है। जब घर की महिलाएं स्वस्थ होती है तो पूरा परिवार स्वस्थ होता है।
मैं व्यक्तिगत तौर पर अनुभव कर सकता हूं कि मैं भी ऐसे परिवार से आता हूं जहां पर मेरा ध्यान सिर्फ अब मेरी मां रखती है। जब वह स्वस्थ रहती है तो मैं और मेरा पूरा परिवार स्वस्थ रहता है। एक छोटी सोच के साथ आज मेरे प्रधानमंत्री ने पूरे देश में यह अभियान के तौर पर इसकी शुरुआत की है। यह अभियान दुर्गा पूजा विजयादशमी यानी 2 अक्टूबर तक चलेगा। प्रखंड स्तर पर सिविल लगाया जाएगा जिसमें महिलाओं की स्वास्थ्य की जांच छोटी-छोटी बीमारी की जांच कराई जाएगी।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन शुभारंभ के बाद हाजीपुर के सदर अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक अवधेश सिंह, डीएम वर्षा सिंह, सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।