सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gold Silver Price Crash: अमेरिका से आई खबर ने तोड़ी सोने-चांदी की कमर, दिन भर में ₹6800 तक गिरे भाव; अब ये 2 तारीखें अहम

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:18 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 08:26 PM (IST)

अमेरिकी महंगाई और आर्थिक आंकड़ों के कारण अंतरराष्ट्रीय और भारतीय वायदा बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि इन आंकड़ों से ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद बढ़ी है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरावट संभव है।

सोने चांदी की कीमतों में भारी गिरावट अमेरिकी आंकड़ों ने तोड़ी कमर

सोने चांदी की कीमतों में भारी गिरावट अमेरिकी आंकड़ों ने तोड़ी कमर

HighLights

  1. अमेरिकी महंगाई आंकड़ों के बाद सोने-चांदी में भारी गिरावट।

  2. MCX पर सोना 3,139 रुपये, चांदी 6,838 रुपये सस्ती हुई।

  3. विशेषज्ञों के अनुसार, ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद से गिरावट जारी।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Gold Silver Price Today: अमेरिका से महंगाई और आर्थिक मोर्चे के ताजा आंकड़े सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय से लेकर भारतीय वायदा बाजार तक सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। बुधवार शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) जारी हुए इन आंकड़ों के दबाव में भारतीय वायदा बाजार (MCX) में सोना एक ही दिन में 2.15 प्रतिशत यानी 3,139 रुपए सस्ता होकर 1,19,190 रुपए प्रति 10 ग्राम (gold price today) के स्तर पर आ गया। वहीं, चांदी में इससे भी बड़ी गिरावट देखी गई और यह 4.30 प्रतिशत यानी 6,838 रुपए लुढ़ककर 1,38,600 रुपए प्रति किलोग्राम (silver price today) के भाव पर पहुंच गई।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन आकंड़ों को गोल्ड और सिल्वर पर नकारात्मक असर पड़ेगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब बाजार की नजर 4 दिसंबर और 9 दिसंबर पर रहेगी।

ग्लोबल बाजार में कितना टूटा सोना-चांदी?

घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) में भी कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ गई। आंकड़े जारी होने के बाद कॉमेक्स पर सोना 2.56 प्रतिशत (89 डॉलर से अधिक) टूटकर 3,472 डॉलर प्रति औंस के नीचे फिसल गया। इसी तरह चांदी 4.22 प्रतिशत से ज्यादा की कमजोरी के साथ 39 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई।

3 साल के हाई लेवल पर पहुंची महंगाई दर

सोने-चांदी में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा बढ़ी महंगाई मुख्य वजह है। अक्टूबर के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका की पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 3.8 प्रतिशत हो गई है, जो मई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

वहीं, खाद्य और ऊर्जा कीमतों को छोड़कर मापी जाने वाली 'कोर पीसीई' (Core PCE) महंगाई दर भी बाजार के अनुमान को पार करते हुए 3.3 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो पिछले 3 सालों का उच्चतम स्तर है। जानकारों का कहना है कि महंगाई अब सिर्फ ऊर्जा तक सीमित न रहकर पूरी अर्थव्यवस्था में फैल रही है।

GST 1 (89)

इसके अलावा, अमेरिकी वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में टिकाऊ वस्तुओं यानी ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर 0.4 प्रतिशत के अनुमान के मुकाबले केवल 0.2 प्रतिशत बढ़े, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 2.0 प्रतिशत था। परिवहन को छोड़कर कोर ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर अनुमान के अनुरूप 0.5 प्रतिशत बढ़े, जो जून का संशोधित आंकड़ा भी 0.5 प्रतिशत रहा।

वहीं, विमान निर्माण को छोड़कर गैर-रक्षा पूंजीगत वस्तुओं के ऑर्डर 1.2 प्रतिशत बढ़े, जो 0.4 प्रतिशत के अनुमान और सितंबर के 0.8 प्रतिशत से काफी बेहतर हैं। मजबूत महंगाई के आंकड़ों के बाद एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर क्या है एक्सपर्ट की राय?

ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं केडिया रिसर्च एंड लर्निंग हब के रिसर्च एनालिस्ट नितिन केडिया ने जागरण बिजनेस को बताया कि,

"अमेरिका से आए आंकड़ों ने दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद को और बल दिया है। जुलाई-सितंबर में अर्थव्यवस्था की सालाना रफ्तार का अनुमान 3.4% से बढ़ाकर 4.3% किया गया और बेरोजगारी भत्ते के नए दावे घटकर 1.89 लाख रह गए। अक्टूबर में खाने-पीने और ऊर्जा को छोड़कर महंगाई महीने भर में अनुमान के मुताबिक 0.3% बढ़ी, लेकिन सालाना दर 3.1% से बढ़कर 3.3% हो गई। यानी अमेरिकी अर्थव्यवस्था ऊंची ब्याज दरें सहने की स्थिति में दिख रही है। सोने-चांदी के लिए यही बड़ी चुनौती है। टेक शेयरों में गिरावट के बीच उधार लेकर सौदे करने वाले कुछ फंडों ने नकदी जुटाने के लिए भी धातुएं बेची होंगी।"

अब कहां तक टूट सकते हैं गोल्ड-सिल्वर के दाम?

नितिन केडिया ने बताया कि, "घरेलू वायदा बाजार में सोना ₹1,20,210 प्रति 10 ग्राम पर था। एक घंटे के चार्ट पर ₹1,19,429 अहम है। कोई घंटा इसके नीचे बंद हुआ तो गिरावट ₹1,18,648 तक बढ़ सकती है। नीचे जाने के बाद भाव फिर ₹1,20,210 के ऊपर घंटा बंद करे तो गिरावट का यह संकेत रद्द होगा। उछाल में ₹1,20,810–₹1,21,500 पर विक्रेता फिर सक्रिय हो सकते हैं। ₹1,21,500 से ऊपर घंटे की बंदी खरीदारों की वापसी का बेहतर संकेत होगी।”

नितिन केडिया ने चांदी को लेकर भी टारगेट दिए। उन्होंने कहा कि ₹1,41,226 प्रति किलो पर थी, जहां खरीदार और विक्रेता लगभग बराबरी पर दिखे। अब ₹1,39,455 के नीचे हावरली क्लोज हुआ तो अगला संभावित स्तर ₹1,37,690 है। इसके बाद ₹1,41,220 के ऊपर घंटे की बंदी गिरावट का यह संकेत रद्द कर देगी।

उछाल की पहली बड़ी परीक्षा ₹1,42,014–₹1,42,187 के बीच होगी। वहां पहुंचकर चांदी ₹1,42,014 से नीचे घंटा बंद करे तो बिकवाली लौटने का संकेत मिलेगा।

यह भी पढ़ें- ₹1 लाख से भी नीचे आ जाएगा सोना! बैंक ऑफ अमेरिका का दावा- गिरावट अभी थमी नहीं; BofA ने क्यों जारी किए नए टारगेट?

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।