India-EU FTA: 16 दिसंबर को साइन होगी "मदर ऑफ ऑल डील्स?" भारतीय निर्यात को मिलेगा दुनिया का बड़ा बाजार
भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर 16 दिसंबर को हस्ताक्षर होने की संभावना है।

भारत-यूरोपीय संघ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बड़ी अपडेट
HighLights
भारत-यूरोपीय संघ FTA पर 16 दिसंबर को हस्ताक्षर होने की संभावना।
भारतीय निर्यात को यूरोपीय बाजार में 99% से अधिक पहुंच।
MSMEs और पेशेवरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत लगातार अपने विदेशी रिश्तों को मजबूती देने की दिशा में काम कर रहा है। इसके लिए वो कई देशों से व्यापार समझौते कर रहा है। भारत का जोर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट की ओर है ताकि देश के MSMEs और प्रोफेशनल्स को आसानी से न सिर्फ मार्केट एक्सेस मिल सके बल्कि रोजगार का बड़ा माध्यम भी खड़ा हो पाए। इसी के तहत भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर 16 दिसंबर को हस्ताक्षर हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरान ब्रसेल्स दौरे पर जाने की संभावना है। ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के मुख्यालय है, इसके अलावा उनके प्रमुख संस्थान भी यहीं स्थित हैं। दोनों पक्षों ने जनवरी में इस समझौते की बातचीत पूरी कर ली थी। फिलहाल इसे औपचारिक रूप देने के लिए जरूरी कानूनी और संस्थागत प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
काउंसिल की मंजूरी मिलने का इंतजार
यूरोपीय आयोग ने समझौते पर हस्ताक्षर और इसे अंतिम मंजूरी देने के लिए यूरोपीय संघ की परिषद (Council of the European Union) के सामने प्रस्ताव पेश कर दिया है। इसके साथ समझौते का अंतिम कानूनी ड्राफ्ट और टैरिफ से जुड़ी लिस्ट भी जमा कराई गई है। अब काउंसिल की मंजूरी मिलना जरूरी है। इसके बाद दोनों पक्ष औपचारिक रूप से समझौते पर हस्ताक्षर कर सकेंगे।
यूरोपीय आयोग EU की प्रमुख कार्यकारी संस्था है, जो नए कानूनों और नीतियों का प्रस्ताव तैयार करती है। वहीं, यूरोपीय संघ की परिषद में सभी 27 सदस्य देशों के मंत्री शामिल होते हैं। परिषद की मंजूरी के बाद समझौते को यूरोपीय संसद के सामने रखा जाएगा। संसद की सहमति और परिषद के एक और फैसले के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकेगा। भारत को भी अपनी घरेलू मंजूरी और लागू करने से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
भारतीय निर्यात को यूरोपीय बाजार में बड़ा अवसर
इस समझौते के तहत भारत को यूरोपीय संघ के बाजार में अपने निर्यात के व्यापारिक मूल्य के 99% से अधिक हिस्से पर बाजार पहुंच मिलेगी। समझौते में लगभग पूरे द्विपक्षीय वस्तु व्यापार को शामिल किया गया है। इसके अलावा सर्विस सेक्टर में भी महत्वपूर्ण कॉमिटमेंट्स शामिल हैं। इससे भारतीय पेशेवरों के लिए यूरोपीय देशों में काम करने और सेवाएं देने के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
भारत ने समझौते के तहत अपनी कुल टैरिफ लाइनों में से 92.1% को शामिल किया है। इससे यूरोपीय संघ के भारत को होने वाले निर्यात के करीब 97.5 फीसदी हिस्से को बाजार पहुंच मिलेगी। समझौता केवल आयात शुल्क में कटौती तक सीमित नहीं है। इसमें ट्रेड के टेक्निकल बैरियस को कम करने, कस्टम ड्यूटी प्रक्रिया को आसान बनाने और सर्विस से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं। इससे दोनों पक्षों के कारोबारियों के लिए व्यापार करना आसान हो सकता है।
भारत-EU के बीच 118 अरब यूरो का वस्तु व्यापार
भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। साल 2025 में दोनों के बीच वस्तुओं का व्यापार 118 अरब यूरो रहा, जबकि सर्विस का व्यापार 67 अरब यूरो तक पहुंच गया। यूरोपीय संघ अलग-अलग व्यापारिक समूहों में भारत का वस्तुओं के मामले में सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, ग्लोबल लेवल पर भारत यूरोपीय संघ का वस्तुओं के व्यापार में 9वां और सर्विस सेक्टर के व्यापार में 6वां सबसे बड़ा साझेदार है।
निवेश और GI समझौते पर भी बातचीत
मुक्त व्यापार समझौते के अलावा भारत और यूरोपीय संघ निवेश संरक्षण समझौते (Investment Protection Agreement) और भौगोलिक संकेतक (GI) समझौते पर भी बातचीत कर रहे हैं। निवेश संरक्षण समझौते का उद्देश्य दोनों पक्षों के निवेशकों के हितों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था तैयार करना है। वहीं, GI समझौते से दोनों क्षेत्रों के विशिष्ट उत्पादों को पहचान और संरक्षण देने में मदद मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: चावल की बढ़ती कीमत बनी सरकार की चिंता! निर्यात पर 30% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट बैन पर भी आ सकता है फैसला
24 भाषाओं में अनुवाद की प्रक्रिया छोड़ी
समझौते को जल्द मंजूरी दिलाने के लिए यूरोपीय आयोग तेजी से प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। बताया जा रहा है कि आयोग ने यूरोपीय संघ की सभी 24 आधिकारिक भाषाओं में समझौते का अनुवाद कराने की प्रक्रिया फिलहाल छोड़ दी है। इसके बजाय अंग्रेजी संस्करण के आधार पर परिषद में विचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि मंजूरी मिलने में देरी न हो।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्ष मार्च 2027 के अंत तक समझौते को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इसके अगले साल की पहली छमाही में लागू होने की संभावना जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।