Gold Silver Price Crash: अमेरिकी महंगाई ने बिगाड़ा गोल्ड-सिल्वर का खेल, एक्सपर्ट बोले- अभी और गिरेंगे दाम; क्या हैं नए टारगेट?
Gold Silver News Today: अमेरिकी महंगाई और मजबूत आर्थिक आंकड़ों के कारण सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर और बॉन्ड यील्ड में नरमी आने तक यह दबाव जारी रहेगा, इसलिए व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
-1795630667145_m.webp)
अमेरिकी महंगाई ने बिगाड़ा सोने-चांदी का खेल विशेषज्ञ बोले अभी और गिरेंगे दाम
HighLights
अमेरिकी महंगाई और मजबूत GDP ने सोने-चांदी के दाम गिराए।
MCX पर सोना 1.17 लाख, चांदी 1.37 लाख तक फिसली।
डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों ने दबाव बढ़ाया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Gold Silver Price Crash: अमेरिका से आए महंगाई और आर्थिक मजबूती के आंकड़ों ने सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट ला दी। अमेरिकी स्पॉट गोल्ड 14 महीने में पहली बार 3,500 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गया, जबकि चांदी करीब 4% टूटकर 39.26 डॉलर पर पहुंच गई। इसका असर भारतीय बाजार में भी दिखा। MCX पर सोना 1.17 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.37 लाख रुपए प्रति किलोग्राम (Gold Silver Price Today) तक फिसल गई। सवाल है कि क्या अभी गिरावट और बढ़ेगी?
अमेरिकी आंकड़ों ने बढ़ाई सोने-चांदी की मुश्किल
सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट इंद्र कमल तिवारी के मुताबिक, अमेरिकी अर्थव्यवस्था से आए ताजा आंकड़े सोने और चांदी के लिए नकारात्मक संकेत दे रहे हैं। अमेरिका में महंगाई का प्रमुख पैमाना माने जाने वाला कोर PCE अक्टूबर में सालाना आधार पर 3.3% पर पहुंच गया, जबकि बाजार को इसके 3.2% रहने का अनुमान था। सितंबर में यह आंकड़ा 3.1% था।
मासिक आधार पर कोर PCE में 0.3% की बढ़ोतरी हुई। यह अनुमान के मुताबिक जरूर रहा, लेकिन लगातार हर महीने 0.3% की बढ़त अमेरिकी फेडरल रिजर्व के 2% महंगाई लक्ष्य से काफी ज्यादा है। वहीं, हेडलाइन PCE सालाना आधार पर 3.8% रहा। यानी अमेरिका में महंगाई अभी भी फेड के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
महंगाई के साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मजबूती ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। तीसरी तिमाही के GDP ग्रोथ का दूसरा अनुमान 4.3% आया, जबकि पहला अनुमान 3.4% था। अक्टूबर में अमेरिकी लोगों की निजी आय में 0.7% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, शुरुआती बेरोजगारी दावे घटकर 1.89 लाख रह गए, जबकि बाजार का अनुमान 2 लाख का था।
इंद्र कमल तिवारी के अनुसार, मजबूत ग्रोथ, कम बेरोजगारी और ऊंची महंगाई का यह मेल फेडरल रिजर्व को ब्याज दरों में सख्ती जारी रखने का मौका देता है। इससे सोने-चांदी पर दबाव बढ़ता है।
डॉलर की मजबूती ने भी बढ़ाया दबाव
सोना ऐसी संपत्ति है, जिस पर निवेशकों को ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में जब ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद होती है, तो निवेशकों के लिए सोने को रखने की लागत बढ़ जाती है। दूसरी तरफ, डॉलर मजबूत होने से भी सोने की मांग पर दबाव आता है।
डॉलर इंडेक्स करीब 103.9 पर पहुंच गया है। पिछले एक महीने में इसमें 2% से ज्यादा की तेजी आई है। इसके अलावा CME FedWatch के मुताबिक, 8-9 दिसंबर की फेड बैठक में 25 बेसिस पॉइंट की ब्याज दर बढ़ोतरी की करीब 98% संभावना पहले से दिखाई दे रही थी। ताजा महंगाई आंकड़ों ने इस आशंका को और मजबूत किया है।
चांदी में सोने से ज्यादा गिरावट क्यों?
इंद्र कमल तिवारी के मुताबिक, चांदी पर दोहरा दबाव है। यह कीमती धातु होने के साथ-साथ औद्योगिक धातु भी है। ऊंची ब्याज दरों से जहां इसकी निवेश मांग प्रभावित होती है, वहीं आर्थिक गतिविधियां धीमी पड़ने की आशंका औद्योगिक मांग को भी कमजोर कर सकती है।
इसी वजह से चांदी में गिरावट ज्यादा तेज रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर करीब 4% गिरकर 39.26 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। MCX पर चांदी 4.28% टूटकर 1,39,209 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं गोल्ड-सिल्वर रेश्यो करीब 89 पर पहुंच गया है।
अब किन स्तरों पर रखें नजर?
इंद्र कमल तिवारी के मुताबिक, MCX पर सोने के लिए 1,20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम का स्तर अहम सपोर्ट था, जो टूट चुका है। अब 1,22,300 रुपए पहला बड़ा रेजिस्टेंस है। इसके ऊपर वापसी होने पर ही रिकवरी पर भरोसा बढ़ेगा।
चांदी में 1,40,000 रुपए प्रति किलो का सपोर्ट टूट चुका है। ऊपर की तरफ 1,45,400 रुपए पहला अहम रेजिस्टेंस है।
उनका कहना है कि इतनी तेज गिरावट के बाद शॉर्ट-कवरिंग से अचानक तेजी आ सकती है, लेकिन इसे ट्रेंड बदलने का संकेत नहीं मानना चाहिए। अमेरिकी बाजार गुरुवार को थैंक्सगिविंग की छुट्टी के कारण बंद रहेंगे और शुक्रवार को छोटा कारोबारी सत्र होगा। ऐसे में कम लिक्विडिटी के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
फिलहाल जब तक अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में नरमी नहीं आती, सोने-चांदी पर दबाव बना रह सकता है। ऐसे माहौल में ट्रेडर्स को छोटी पोजीशन और स्टॉप-लॉस का अनुशासन बनाए रखना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।