प्याज के दाम में ₹9 प्रति किलो की गिरावट, मंडियों में नई फसल की आवक फिर भी आम ग्राहक को राहत नहीं! कितना है खुदरा भाव?
नासिक की लासलगांव मंडी में प्याज के थोक भाव में ₹9 प्रति किलो की गिरावट आई है, जिसका कारण नई खरीफ फसल की आवक और मिस्र से आयात है।
-1791186261019_m.webp)
मंडियों में प्याज की कीमत में कमी
HighLights
नासिक की लासलगांव मंडी में प्याज ₹9 प्रति किलो सस्ता हुआ।
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से नई खरीफ फसल की आवक शुरू हुई।
खुदरा बाजारों में प्याज का भाव अभी भी ₹65 प्रति किलो है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| त्योहारों से पहले प्याज की कीमत को लेकर को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के नासिक में प्याज के थोक भाव में गिरावट शुरू हो गई है। लासलगांव मंडी में अच्छी क्वालिटी वाले प्याज की कीमत ₹55 प्रति किलो से घटकर ₹46 प्रति किलो बताई जा रही है। मंडी के जानकारों का कहना है कि कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से नई खरीफ वाली प्याज की आवक शुरू हो गई है, जिसके चलते नासिक के प्याज की कीमतों में कमी देखने को मिली है।
प्याज की कीमतों में ₹9 की गिरावट
लासलगांव मंडी में यहां पिछले करीब एक महीने से प्याज के भाव ऊंचे बने हुए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों से खरीफ सीजन वाली नई प्याज की आवक शुरू हो गई है, जिसके बाद थोक भाव में कमी आई है। कृषि उपज बाजार समिति (APMC) के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों राज्यों से नई खरीफ प्याज बाजार में आने से खरीदारों के पास प्याज खरीदने के ज्यादा विकल्प हो गए हैं। इसका सीधा असर नासिक के प्याज की मांग और कीमतों में देखने को मिल रहा है।
मिस्र से प्याज इंपोर्ट का भी असर
प्याज की सप्लाई बनाए रखने और कीमतों को कंट्रोल करने के लिए मिस्र से प्याज आयात करना पड़ा है। आयातित प्याज के चलते घरेलू मंडियों में भी थोक दाम में असर देखने को मिला है। APMC अधिकारियों के अनुसार, मिस्र से प्याज आने के कारण बाजार में उपलब्धता बढ़ी है, इससे लासलगांव मंडी में प्याज के भाव पर दबाव बना है। लासलगांव APMC के निदेशक प्रवीण कदम ने मीडिया को बताया कि, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से प्याज की बढ़ी हुई आवक मौजूदा गिरावट की मुख्य वजह है।
ये भी पढ़ें: यहां ₹10 प्रतिकिलो बढ़े अरहर के दाम, त्योहारों से पहले फिर महंगी होगी दाल? आयातक देशों के बिगड़ हाल
आम ग्राहक को राहत नहीं
लासलगांव मंडी में प्याज के थोक दामों में भारी गिरावट के बाद भी खुदरा बाजारों में इसका असर देखने को नहीं मिल रहा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में अभी भी रिटेल प्राइस औसतन ₹65 प्रति किलो बना हुआ है। हालांकि नवरात्र से पहले कोलकाता और आसपास के शहरों के लिए सरकार की ओर से कांदा एक्सप्रेस से रियायती दरों वाला प्याज भेजा जा चुका है। ये रियायती दारों में मिलने वाले प्याज NAFED और NCCF जैसी एजेंसियों के माध्यम से मोबाइल वैन और आउटलेट्स के माध्यम से बेचा जा रहा है।
