SIP Vs PPF: 15 साल बाद किसमें मिलेगा छप्परफाड़ रिटर्न? समझिए पूरा कैलकुलेशन
SIP Vs PPF: निवेश के लिए SIP और PPF में से कौन बेहतर है, यह जानने के लिए 15 साल के निवेश पर उनके रिटर्न की तुलना की गई है।

SIP Vs PPF, क्या है बेहतर? (AI-Generated Image)
HighLights
PPF 7.1% ब्याज के साथ सुरक्षित, टैक्स-फ्री निवेश है।
SIP 12% अनुमानित रिटर्न के साथ महंगाई को मात देता है।
15 साल में SIP PPF से ₹18 लाख अधिक दे सकता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: जब भी भविष्य को सुरक्षित करने और लंबी अवधि के लिए निवेश की योजना बनाते हैं, तो दो नाम पहले दिमाग में आते हैं SIP (Systematic Investment Plan) और PPF (public provident fund)।
15 साल का समय निवेश के लिए एक बेहतरीन और लंबी अवधि मानी जाती है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल आता है कि 15 साल लगातार निवेश करने के बाद आपके हाथ में सबसे ज्यादा पैसा कहां से आएगा?
PPF क्यों है सुरक्षित?
PPF भारत सरकार द्वारा समर्थित एक बेहद लोकप्रिय और सुरक्षित निवेश योजना है। इसमें निवेश पर 15 साल की 'लॉक-इन पीरियड' (Lock-in Period) होता है। वर्तमान में PPF पर सरकार 7.1% सालाना ब्याज दे रही है। यह योजना EEE (Exempt-Exempt-Exempt) कैटेगरी में आती है। यानी आपका निवेश, उस पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की पूरी रकम 100% टैक्स फ्री होती है। इसमें बाजार का कोई जोखिम (Zero Risk) नहीं होता है।
SIP से मिलेगा महंगाई को मात देने वाला रिटर्न!
म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए आप हर महीने एक छोटी रकम शेयर बाजार में लगाते हैं। यह बाजार के जोखिमों के अधीन होता है, लेकिन लंबी अवधि में यह शानदार रिटर्न देने की क्षमता रखता है। वित्तीय विशेषज्ञों के अनुसार, इक्विटी म्यूचुअल फंड में 15 साल की लंबी अवधि में औसतन 12% सालाना का रिटर्न मिलने की उम्मीद रहती है। SIP से होने वाली कमाई पर आपको लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स चुकाना पड़ता है।
15 साल में कहां मिलेगा पैसा?
मान लेते हैं कि आप ₹10,000 हर महीने यानी सालाना ₹1.20 लाख निवेश करते हैं। 15 साल तक लगातार निवेश करने पर आपका कुल निवेश ₹18,00,000 होगा। देखिए दोनों विकल्पों की मैच्योरिटी पर आपको क्या मिलेगा:
| निवेश का विकल्प | अनुमानित ब्याज/ रिटर्न | कुल निवेश (15 साल में) | ब्याज/ मुनाफे से कमाई | मैच्योरिटी पर कुल रकम |
| PPF | 7.1% सालाना (तय) | ₹18,00,000 | ₹14,54,567 | ₹32,54,567 |
| SIP | 12% सालाना अनुमानित | ₹18,00,000 | ₹32,45,760 | ₹50,45,760 |
(नोट: PPF की गणना वर्तमान 7.1% दर पर आधारित है। SIP का रिटर्न 12% का एक अनुमानित बाजार रिटर्न है, वास्तविक रिटर्न बाजार की चाल पर निर्भर करेगा।)
किसमें निवेश है समझदारी?
यहां पर गणित साफ बताता है कि 15 साल में SIP आपको PPF के मुकाबले करीब ₹18 लाख ज्यादा की कमाई दे सकता है। अगर आप बाजार का बिल्कुल भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं और टैक्स-फ्री गारंटीड पैसा चाहते हैं, तो PPF आपके लिए बेस्ट है। लेकिन, अगर आप बढ़ती महंगाई को मात देना चाहते हैं और अपनी दौलत को तेजी से बढ़ाना चाहते हैं, तो SIP एक बेहतर विकल्प साबित होता है।
Disclaimer: म्यूचुअल फंड के बारे में यहां दी गई जानकारी निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
