सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटी विदेशी नागरिक बन गई तो क्या छिन जाएगा विरासत का हक? खेती की जमीन को लेकर ये है नियम

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:54 AM (IST)

विदेश में रहने वाली या विदेशी नागरिकता ले चुकी बेटी का भारत में पिता की संपत्ति पर विरासत का अधिकार ...और पढ़ें

बेटी विदेशी नागरिक बन गई तो क्या छिन जाएगा विरासत का हक?

बेटी विदेशी नागरिक बन गई तो क्या छिन जाएगा विरासत का हक?

HighLights

  1. विदेशी नागरिकता से बेटी का विरासत हक खत्म नहीं होता।

  2. हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत मिलता है संपत्ति में अधिकार।

  3. कृषि भूमि पर राज्य के नियम भी होते हैं लागू।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: क्या आपको पता है कि विदेश में बस गई बेटी को भी भारत में पिता की संपत्ति में हिस्सा मिल सकता है। यहां तक कि अगर बेटी ने दूसरे देश की नागरिकता ले ली है, तब भी केवल विदेशी नागरिक होने के आधार पर उसका विरासत का अधिकार खत्म नहीं हो जाता। लेकिन खेती की जमीन के मामले में उत्तराधिकार से जुड़े कानूनों के साथ राज्य के नियमों को समझना भी जरूरी है।

पिता की संपत्ति में क्या है बेटी का अधिकार?

टैक्स एक्सपर्ट और चार्टर्ड अकाउंटेंट के मुताबिक, इस मामले में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 के प्रावधान अहम हैं। अगर पिता ने अपनी संपत्ति के लिए वैध वसीयत बनाई है, तो संपत्ति का बंटवारा वसीयत के अनुसार होगा। वहीं, अगर पिता बिना वसीयत बनाए गुजर जाते हैं, तो कानून की धारा 8 के तहत उनकी संपत्ति का उत्तराधिकार तय होता है। इसमें बेटी भी प्रथम श्रेणी की कानूनी वारिस (Class-I heir) होती है। ऐसे में उसे बेटे के बराबर हिस्सा मिलता है। बेटी का विदेश में रहना या भारतीय नागरिकता छोड़कर दूसरे देश की नागरिकता लेना अपने आप में उसके इस अधिकार को खत्म नहीं करता।

2005 से पैतृक संपत्ति में भी बेटियों को बराबरी का हक

हिंदू सक्सेशन एक्ट, 1956 के तहत पिता की संपत्ति में उत्तराधिकार के नियम पहले से मौजूद हैं। वहीं, हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) की पैतृक संपत्ति में बेटियों को बेटों के बराबर जन्म से सहदायिक अधिकार हिंदू उत्तराधिकार (संशोधन) अधिनियम, 2005 के जरिए मिला। इन दोनों स्थितियों को अलग-अलग समझना जरूरी है।

क्या FEMA विदेशी नागरिक बेटी जमीन विरासत में लेने से रोकता है?

फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत NRI और OCI कार्डधारक सामान्य तौर पर भारत में कृषि भूमि, फार्महाउस या प्लांटेशन प्रॉपर्टी खरीद नहीं सकते। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे ऐसी संपत्ति विरासत में भी हासिल नहीं कर सकते। FEMA के नियमों के तहत भारत में रहने वाले व्यक्ति से विरासत में कृषि भूमि सहित अचल संपत्ति हासिल करने की अनुमति है। यानी खेती की जमीन खरीदने और उसे विरासत में पाने के नियम अलग हैं।

खेती की जमीन पर राज्य के कानून भी अहम

कृषि भूमि के मामले में केवल केंद्रीय कानून देखना पर्याप्त नहीं है। कृषि राज्य का विषय है, इसलिए संबंधित राज्य के भूमि और कृषि किरायेदारी (टेनेंसी) कानून भी लागू हो सकते हैं। कुछ राज्यों में कृषि भूमि के उत्तराधिकार को लेकर विशेष प्रावधान हैं, जो संपत्ति के बंटवारे को प्रभावित कर सकते हैं।

इसलिए विदेश में रहने वाली बेटी के लिए जरूरी है कि वह जमीन की स्थिति, लागू उत्तराधिकार कानून और संबंधित राज्य के नियमों की जांच करे।

डिस्क्लेमर: यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है। संपत्ति के वास्तविक अधिकार संबंधित कानूनों और मामले के तथ्यों पर निर्भर करेंगे।

यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: चमक गए सोना-चांदी, आज कितना महंगा हुआ गोल्ड? चेक करें लेटेस्ट रेट्स