सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों के पैसे को डबल कर देगी ये सरकारी स्कीम! सिर्फ ₹1000 से कर सकते हैं निवेश, जानें योजना का पूरा हिसाब

Published: Mon, 05 Oct 2026 02:46 PM (IST)

Kisan Vikas Patra Yojana: किसान विकास पत्र (KVP) एक सरकारी योजना है जिसमें आपका पैसा 9 साल 7 महीने (115 ...और पढ़ें

किसानों के पैसे को डबल कर देगी ये सरकारी स्कीम!

किसानों के पैसे को डबल कर देगी ये सरकारी स्कीम!

HighLights

  1. पैसा 115 महीने में दोगुना, 7.5% वार्षिक ब्याज दर।

  2. न्यूनतम ₹1,000 से निवेश शुरू, कोई अधिकतम सीमा नहीं।

  3. 80C टैक्स छूट नहीं, ब्याज आय पर टैक्स लागू।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: अगर आप अपना पैसा सुरक्षित जगह पर लगाकर उसे तय समय में दोगुना करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र यानी KVP स्कीम आपके काम की हो सकती है। खास बात यह है कि नाम में ‘किसान’ जरूर है, लेकिन इसमें निवेश करने के लिए किसान होना जरूरी नहीं है। कोई भी पात्र व्यक्ति इसमें पैसा लगा सकता है। मौजूदा ब्याज दर पर KVP में निवेश की गई रकम 9 साल 7 महीने यानी 115 महीने में दोगुनी हो जाती है।

7.5% ब्याज, 115 महीने में पैसा डबल

किसान विकास पत्र केंद्र सरकार की छोटी बचत योजनाओं में शामिल है और इसे पोस्ट ऑफिस के जरिए चलाया जाता है। फिलहाल इस पर 7.5% सालाना ब्याज मिल रहा है। सरकार ने अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही के लिए भी KVP की ब्याज दर 7.5% पर बरकरार रखी है। इस दर पर KVP में लगाया गया पैसा 115 महीने में मैच्योर होकर दोगुना होता है।

यानी अगर आपने ₹1 लाख KVP में लगाए, तो मैच्योरिटी पर करीब ₹2 लाख मिलेंगे। इसी तरह ₹50,000 का निवेश करीब ₹1 लाख और ₹5,000 का निवेश करीब ₹10,000 हो जाएगा। यह डबल होने की अवधि मौजूदा 7.5% ब्याज दर के आधार पर है।

₹1,000 से शुरू कर सकते हैं निवेश

KVP में निवेश की शुरुआत सिर्फ ₹1,000 से की जा सकती है। इसमें निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। यानी जरूरत और क्षमता के हिसाब से बड़ी रकम भी लगाई जा सकती है। एक व्यक्ति अपने नाम से अकाउंट खोल सकता है, जबकि जॉइंट अकाउंट की सुविधा भी उपलब्ध है। नाबालिग के लिए माता-पिता या कानूनी अभिभावक के जरिए खाता खोला जा सकता है।

ढाई साल से पहले पैसा निकालने की सुविधा नहीं

KVP में पैसा लंबे समय के लिए लगाया जाता है। सामान्य तौर पर इसमें 2 साल 6 महीने यानी ढाई साल पूरे होने से पहले समय से पहले निकासी की सुविधा नहीं होती। ढाई साल के बाद कुछ नियमों के तहत इसे समय से पहले बंद कराया जा सकता है।

KVP में कौन कर सकता है निवेश?

इस स्कीम का नाम किसान विकास पत्र है, लेकिन इसमें सिर्फ किसान ही निवेश कर सकते हैं, ऐसा नहीं है। कोई भी पात्र व्यक्ति KVP खरीद सकता है। इसे पोस्ट ऑफिस से लिया जा सकता है और इसमें नॉमिनेशन की सुविधा भी मौजूद है। KVP को कुछ परिस्थितियों में लोन के लिए सिक्योरिटी के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

टैक्स का भी रखें ध्यान

KVP में निवेश पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स छूट नहीं मिलती। इसके अलावा इससे मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल होता है और निवेशक के लागू टैक्स स्लैब के हिसाब से उस पर टैक्स लग सकता है। इसलिए सिर्फ ब्याज दर देखकर निवेश करने के बजाय अपने टैक्स और निवेश की जरूरत को भी ध्यान में रखना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: India-US Trade Deal: अमेरिका से ट्रेड डील पर फंसा पेच! वित्त मंत्री बोलीं- "आगे की राह में रियायत देना मुश्किल"