अब घर बैठे नहीं बदलेगा आधार कार्ड पर नाम! UIDAI ने लागू किए नए नियम, जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
Aadhaar Card name Change Rules: UIDAI ने आधार कार्ड पर नाम बदलने के लिए नए SOP लागू किए हैं, जिसके ...और पढ़ें

अब घर बैठे नहीं बदलेगा आधार कार्ड पर नाम! UIDAI ने लागू किए नए नियम, जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
HighLights
UIDAI ने आधार नाम बदलने के नए SOP लागू किए।
अब घर बैठे ऑनलाइन नाम बदलना संभव नहीं होगा।
नाम बदलने के लिए आधार हेल्प सेंटर जाना होगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप आधार कार्ड पर नाम बदलना चाहते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर सामने आई है। UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने नाम में सुधार के लिए नए SOP (Standard Operating Procedure) लागू किए हैं, जिनके बाद अब आप घर बैठे आधार कार्ड (How to change name on Aadhaar Card) पर नाम में बदलाव नहीं कर पाएंगे। ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि नए नियम के हिसाब से अब आधार कार्ड पर कैसे नाम बदला जाएगा।
क्या है UIDAI का नया नियम?
पहले घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आधार कार्ड पर नाम बदल जाता था। लेकिन अब UIDAI के नए एसओपी के अनुसार आधार पर नाम बदलने की प्रक्रिया को 4 कैटेगरी में बांटा गया है। अब हर कैटेगरी के हिसाब से व्यक्ति को दस्तावेज और एफिडेविट देना होगा:
1.माइनर नेम चेंज:
इस कैटेगरी में स्पेलिंग की छोटी-मोटी गलती, नाम के आगे-पीछे किसी शब्द को बदलना, इनिशियल्स का विस्तार करना या मिडल/लॉस्ट नेम जोड़ना-हटाना शामिल है। उदाहरण के लिए मान लीजिए कि किसी का नाम पार्थ पांडे है और वो आधार पर अपना नाम पार्थ कुमार पांडे करवाना चाहता है, तो वो इसी कैटेगरी में आएगा।
2. शादी या तलाक के बाद बदलाव:
यदि कोई व्यक्ति शादी के बाद सरमेन बदलना चाहता है या फिर तलाक के बाद फिर से नाम बदलना चाहता है तो इसके लिए Annexure D का निर्धारित एफिडेविट और पहचान पत्र (PoI) देना होगा। साथ ही एफिडेविट में ये साफ लिखना होगा कि नाम केवल शादी या तलाक की वजह से बदला गया है।
3. गलत डेटा भरने की वजह से नाम में सुधार:
अगर आपने फॉर्म भरते समय सही जानकारी दी थी, लेकिन ऑपरेटर ने टाइपिंग में गलती कर दी और नाम में स्पेलिंग या कोई और मिस्टेक हो गई, तो व्यस्कों के लिए Annexure B का एफिडेविट और पहचान/रिश्ते का प्रमाण (PoI/PoR) लगेगा। वहीं नाबालिगों के लिए Annexure C का एफिडेविट और दस्तावेज की जरूरत पड़ेगी।
4. पूरा नाम बदलना
अगर आप किसी वजह से पूरा नाम ही बदलना चाहते हैं, तो इसके लिए सरकारी गजट नोटिफिकेशन देना बेहद जरूरी होगा। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो आप अपना पूरा नाम नहीं बदल पाएंगे।
नाम बदलने के लिए क्या होगा प्रोसेस:
अगर आपको या आपके घर में किसी को अपना नाम बदलवाना है तो उसके लिए सबसे पहले ये देखना होगा कि किस कैटेगरी के तहत आप नाम बदलना चाहते हैं। इसके बाद अपनी कैटेगरी के हिसाब से सही फॉर्मेट (Annexure B, C या D) में एफिडेविट नोटरी से तैयार करवा लें।
फिर अपने नजदीकी आधार हेल्प सेंटर पर जाएं और वहां फॉर्म भरकर जमा करें। ऑपरेटर आपकी बायोमेट्रिक और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करेगा औ आखिर में आपको एक रसीद देगा। उस रसीद पर URN नंबर होगा जिसकी मदद से आप अपनी एप्लीकेशन का स्टेटस ट्रैक कर पाएंगे।
