Suzlon Energy Q2 Results: 70% गिर गया सुजलॉन एनर्जी का मुनाफा, नई कंपनी के अधिग्रहण का एलान
सुजलॉन एनर्जी ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए, जिसमें कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 69.2% घटकर ₹394 करोड़ रहा।

HighLights
Q2 में सुजलॉन का शुद्ध लाभ ₹394 करोड़, 69% गिरावट।
राजस्व ₹4,869 करोड़, सालाना आधार पर 26% की वृद्धि।
CRISIL ने रेटिंग 'AA-/Stable' तक अपग्रेड की।
नई दिल्ली। सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy Q2 Results) ने FY27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। Q2 में कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) ₹394 करोड़ रहा जो पिछली तिमाही में ₹305 करोड़ था। लेकिन, सालाना आधार पर सुजलॉन एनर्जी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 69.2% की गिरावट दर्ज की है, पिछले साल की इसी तिमाही में यह 1,279 करोड़ रुपये था।
वहीं, कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 26% और तिमाही आधार पर 27% की वृद्धि के साथ ₹4,869 करोड़ रहा, पिछली तिमाही ऑपरेशंस से रेवेन्यू 3819 करोड़ था जबकि पिछले साल इस तिमाही में यह 3865 करोड़ रुपये था। राजस्व अधिक होने के बावजूद, सितंबर तिमाही में EBITDA मार्जिन घटकर 14.7% रह गया, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 18.6% था। कंपनी ने नतीजे बाजार बंद होने के बाद पेश किए। 29 अक्टूबर को सुजलॉन एनर्जी के शेयर सवा फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 36.79 रुपये पर बंद हुए हैं।
बोर्ड के अन्य बड़े फैसले
- तिमाही नतीजों में कंपनी ने कुछ बड़े एलान भी किए हैं। इनमें सुजलॉन फाउंडेशन का अधिग्रहण शामिल है। कंपनी ने बताया कि ₹10 लाख में 'सुजलॉन फाउंडेशन लिमिटेड' के 1,00,000 इक्विटी शेयर (100% हिस्सेदारी) खरीदकर उसे अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनाने को मंजूरी दी है। यह कंपनी के CSR पहलों को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने के लिए किया गया है।
- वहीं, कंपनी 'OE बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड' (OEBPPL) में ₹1 करोड़ तक का निवेश करेगी, जिससे यह सुजलॉन की सहायक कंपनी बन जाएगी।
ग्रोथ को लेकर कंपनी का आउटलुक
सुजलॉन एनर्जी की कुल ऑर्डर बुक 6+ GW तक पहुंच गई है, जिसमें से 78% ऑर्डर PSU (सरकारी कंपनियों) और C&I (कमर्शियल व इंडस्ट्रियल) ग्राहकों से मिले हैं।
H1 FY27 में कंपनी का नया ऑर्डर इनटेक 1.5+ GW रहा है। कंपनी की नेटवर्थ ₹10,277 करोड़ हो गई है।
ये भी पढ़ें - Asian Paints Q2 Results: देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी एशियन पेंट्स का मुनाफा 7.5% उछला, डिविडेंड का भी किया एलान
रेटिंग एजेंसी CRISIL ने सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड की लॉन्ग-टर्म रेटिंग को अपग्रेड करके 'CRISIL AA-/Stable' कर दिया है।
